सचिवालय प्रीमियर लीग में रॉयल रेंजर्स और डेंजर्स ने दर्ज की जीत

WhatsApp Channel Join Now
सचिवालय प्रीमियर लीग में रॉयल रेंजर्स और डेंजर्स ने दर्ज की जीत


सचिवालय प्रीमियर लीग में रॉयल रेंजर्स और डेंजर्स ने दर्ज की जीत


देहरादून, 25 नवंबर (हि.स.)। उत्तराखंड के देहरादून में आयोजित सचिवालय प्रीमियर लीग-2026 में सचिवालय रॉयल रेंजर्स और सचिवालय डेंजर्स ने जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की। पहले मुकाबले में रॉयल रेंजर्स ने सचिवालय यूनाइटेड को छह विकेट से हराया, जबकि दूसरे मुकाबले में सचिवालय डेंजर्स ने सचिवालय स्मैशर्स को शिकस्त दी।

पहले मुकाबले में टॉस के बाद बल्लेबाजी करने उतरी सचिवालय यूनाइटेड की टीम ने निर्धारित ओवरों में छह विकेट खोकर 172 रन बनाए। टीम की ओर से सचिन बिष्ट ने 46, संतोष पांडे ने 29 और अरविंद दानू ने 20 रन का योगदान दिया। रॉयल रेंजर्स की ओर से अजीत शर्मा और हितेश छेत्री ने दो-दो विकेट हासिल किए।

173 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी रॉयल रेंजर्स की टीम ने 15.5 ओवर में चार विकेट खोकर 174 रन बनाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया। टीम के ऑलराउंडर अजीत शर्मा ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 85 रन बनाए, जबकि कप्तान टिकराज ने 26 रन का योगदान दिया। यूनाइटेड की ओर से अंकित नौटियाल, सिद्धार्थ उनियाल और संतोष पांडे ने एक-एक विकेट लिया। ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए अजीत शर्मा को मैन ऑफ द मैच चुना गया।

दूसरे मुकाबले में सचिवालय डेंजर्स ने सचिवालय स्मैशर्स को हराया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी स्मैशर्स की टीम 13 ओवर में 68 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से अशोक ने सर्वाधिक 16 रन बनाए। डेंजर्स की ओर से शीशपाल रावत ने चार और रविंदर ने तीन विकेट लिए।

69 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सचिवालय डेंजर्स की टीम ने सात विकेट खोकर जीत हासिल कर ली। टीम की ओर से मनोज भट्ट ने 34 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। स्मैशर्स की ओर से नूर मोहम्मद ने तीन विकेट लिए। शानदार गेंदबाजी के लिए शीशपाल रावत को मैन ऑफ द मैच चुना गया।--------------

हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782862 Articles

Share this story