अर्शदीप बोले, युवा क्रिकेटरों के लिए शेर-ए-पंजाब टी20 लीग बनेगी बड़ा मंच
चंडीगढ़, 22 अगस्त (हि.स.)। भारतीय तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने कहा है कि 'शेर-ए-पंजाब टी20 लीग' पंजाब के युवा क्रिकेटरों के लिए बड़ा मंच बनेगी। उन्होंने कहा कि यह टूर्नामेंट पंजाब के क्रिकेटरों की अगली पीढ़ी को तैयार करने में अहम भूमिका निभा सकता है।
शेर-ए-पंजाब टी20 लीग 2026 का आगाज 30 अगस्त से चंडीगढ़ के आईएस बिंद्रा स्टेडियम में होने जा रहा है। खिताब के लिए छह टीमें आमने-सामने होंगी और पंजाब के कई प्रतिभाशाली क्रिकेटर इसमें अपना दमखम दिखाएंगे। इस प्रतियोगिता में शामिल टीमों में लुधियाना लायंस भी है, जिसने भारतीय क्रिकेट टीम के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह को अपना मुख्य (मार्की) खिलाड़ी चुना है। यह तेज गेंदबाज टूर्नामेंट का हिस्सा बनकर काफी खुश है और लायंस का प्रतिनिधित्व करने के लिए उत्साहित है।
टूर्नामेंट और अपनी तैयारियों के बारे में बात करते हुए अर्शदीप ने एक बयान में कहा कि `शेर-ए-पंजाब टी20 लीग का हिस्सा बनकर बहुत अच्छा लग रहा है। टूर्नामेंट को लेकर काफी उत्साह है और मैं लुधियाना लायंस और इस सफर का हिस्सा बनने के लिए सचमुच उत्साहित हूं। अब तक तैयारियां बहुत अच्छी रही हैं। हमने अपनी स्किल्स पर काम करने, अपनी भूमिकाओं को समझने और मैच की अलग-अलग स्थितियों के लिए तैयारी करने में काफी समय बिताया है। अब, मुख्य फोकस ट्रेनिंग ग्राउंड से मिले आत्मविश्वास को मैचों में भी बनाए रखने पर है।'
अर्शदीप ने लुधियाना लायंस कैंप के सकारात्मक माहौल का भी जिक्र किया, जहां खिलाड़ी तैयारी के दौरान एक-दूसरे का हौसला बढ़ाते हैं। उन्होंने कहा कि `अभ्यास सत्र के दौरान सभी खिलाड़ी गंभीरता से तैयारी कर रहे हैं और टीम में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा देखने को मिल रही है। यह किसी भी टीम के लिए हमेशा एक अच्छा संकेत होता है। हमने मैच की अलग-अलग स्थितियों पर भी काम किया है टी20 क्रिकेट में परिस्थितियां तेजी से बदलती हैं । एक ओवर, एक पार्टनरशिप या एक विकेट पूरा खेल बदल सकता है। ऐसे में टीम हर परिस्थिति के लिए तैयार रहने और दबाव में सही फैसले लेने पर ध्यान दे रही है।'
टूर्नामेंट में कई बेहतरीन खिलाड़ियों के शामिल होने की उम्मीद है। ऐसे में अर्शदीप का मानना है कि मुकाबला शुरू से ही कड़ा होगा। हालांकि, उन्हें लगता है कि बहुत आगे की सोचने के बजाय हर मैच पर फोकस बनाए रखना जरूरी होगा। उन्होंने कहा कि `मुकाबला कड़ा होगा क्योंकि हर टीम में अच्छे खिलाड़ी हैं। टी20 क्रिकेट में कोई भी मैच आसान नहीं होता इसलिए हमें पहले मैच से ही अपना बेस्ट देना होगा। हम बहुत आगे की नहीं सोचना चाहते। हमारा फोकस एक बार में एक मैच पर होगा, अपने प्लान पर अमल करना और टूर्नामेंट के आगे बढ़ने के साथ-साथ बेहतर होते रहना होगा। अगर हम लगातार अच्छा खेलते रहे और अपने प्लान के मुताबिक खेले तो उम्मीद है कि हमारा कैंपेन अच्छा रहेगा।'
अर्शदीप ने राज्य के युवा क्रिकेटरों के लिए इस लीग को महत्वपूर्ण मंच बताया। उनका मानना है कि युवा खिलाड़ियों को अनुभवी क्रिकेटरों के साथ ड्रेसिंग रूम साझा करने से काफी कुछ सीखने को मिलेगा। उन्होंने कहा कि सीनियर खिलाड़ियों को अभ्यास करते, मैच की तैयारी करते और दबाव की परिस्थितियों से निपटते देखना युवा खिलाड़ियों के विकास में काफी मददगार साबित हो सकता है।
उन्होंने कहा कि `लीग की सफलता केवल इस बात से नहीं मापी जानी चाहिए कि कौन-सी टीम ट्रॉफी जीतती है बल्कि यह भी देखा जाना चाहिए कि कितने युवा खिलाड़ियों को अपनी पहचान बनाने का मौका मिलता है।' अर्शदीप के मुताबिक पंजाब ने हमेशा प्रतिभाशाली क्रिकेटर दिए हैं और अगर यह लीग अधिक युवाओं को उनके करियर में अगला कदम उठाने में मदद करती है तो यह बड़ी उपलब्धि होगी।---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह

