हमारे लिए ब्रेविस को बल्लेबाजी करते देखना उत्साह बढ़ाने वाला : सुब्रायन

WhatsApp Channel Join Now
हमारे लिए ब्रेविस को बल्लेबाजी करते देखना उत्साह बढ़ाने वाला : सुब्रायन


हमारे लिए ब्रेविस को बल्लेबाजी करते देखना उत्साह बढ़ाने वाला : सुब्रायन


नई दिल्ली, 30 अगस्त (हि.स.)। दक्षिण अफ्रीका के गेंदबाजी ऑलराउंडर प्रेनेलन सुब्रायन ने युवा बल्लेबाज डेवाल्ड ब्रेविस की जमकर तारीफ की है। उन्होंने कहा कि ड्रेसिंग रूम में हमारे लिए उसे बल्लेबाजी करते देखना काफी उत्साह बढ़ाने वाला होता है। खासकर जब आप देखते हैं कि तीसरा अंपायर हर दूसरे ओवर में नई गेंद लेकर दौड़ रहा है।

नामीबिया के हाथों त्रिकोणीय सीरीज के पहले मुकाबले में चौंकाने वाली हार झेलने के बाद दक्षिण अफ्रीका ने जिम्बाब्वे के खिलाफ शानदार जीत दर्ज कर वापसी की। इस जीत के नायक डेवाल्ड ब्रेविस रहे, जिन्होंने महज 32 गेंदों पर नाबाद 75 रन की पारी खेली। ब्रेविस ने अपनी पारी में 7 चौके और छह छक्के लगाए। इससे पहले नामीबिया के खिलाफ मुकाबले में भी उन्होंने 50 गेंदों पर 75 रन बनाकर टीम को जीत दिलाने की पूरी कोशिश की थी, लेकिन दक्षिण अफ्रीका लक्ष्य हासिल नहीं कर सका था। जिम्बाब्वे के खिलाफ ब्रेविस ने अपनी पिछली पारी की निराशा को पीछे छोड़ते हुए टीम को जीत तक पहुंचाया।

आईसीसी के अनुसार प्रेनेलन सुब्रायन ने मैच के बाद कहा कि मुझे लगता है कि नामीबिया के खिलाफ और जिम्बाब्वे के खिलाफ डेवाल्ड ने शानदार बल्लेबाजी की। बीते दिन वह निराश था क्योंकि वह टीम को जीत तक नहीं पहुंचा सका था। उसने उस अनुभव से सीख ली और जिम्बाब्वे के विरुद्ध टीम को जीत दिलाकर ही लौटा।

नामीबिया के खिलाफ हार के बाद टीम की तैयारी को लेकर सुब्रायन ने कहा कि दक्षिण अफ्रीकी टीम ने ड्रेसिंग रूम में बैठकर अपनी गलतियों पर चर्चा की और सुधार के क्षेत्रों पर काम किया। उन्होंने कहा कि यह हमारे लिए दिन का खेल खत्म होने के बाद ड्रेसिंग रूम में बैठकर चीजों पर विचार करने और बेहतर होने के तरीके तलाशने का मामला था। खासकर छोटी-छोटी चीजों पर ध्यान दिया गया।

सुब्रायन ने अपनी टीम के कप्तान ब्योर्न फोर्टुइन की कप्तानी की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि फोर्टुइन की अगुआई में गेंदबाजी करना आसान हो जाता है। उन्होंने कहा कि यह मानसिकता की बात नहीं है। कप्तान के साथ काम करने और जिस तरह से वह टीम का नेतृत्व करते हैं, उससे आपके कंधों से काफी जिम्मेदारी कम हो जाती है। खेल को समझने और पढ़ने की उनकी क्षमता निश्चित रूप से एक गेंदबाज के तौर पर आपकी मदद करती है और आपको हर गेंद के बारे में सोचने का मौका देती है।

जिम्बाब्वे के तादिवानाशे मारुमानी ने कहा कि उनकी टीम में इस हार से उबरने और अगले मुकाबले में बेहतर प्रदर्शन करने की क्षमता है। उन्होंने कहा कि हमारे लिए जरूरी है कि हम अपनी बुनियादी चीजों पर टिके रहें। आखिरकार यह अपनी भूमिका को समझने और उसे सही तरीके से निभाने के बारे में है। अगर हम ऐसा करते हैं तो हम शीर्ष पर पहुंच सकते हैं।

त्रिकोणीय सीरीज का अगला मुकाबला 31 अगस्त को जिम्बाब्वे और नामीबिया के बीच खेला जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह

Share this story