भारत के खिलाफ पहले टेस्ट में तीन तेज गेंदबाजों के साथ उतरेगा न्यूजीलैंड, टॉम लैथम ने बताई रणनीति

WhatsApp Channel Join Now
भारत के खिलाफ पहले टेस्ट में तीन तेज गेंदबाजों के साथ उतरेगा न्यूजीलैंड, टॉम लैथम ने बताई रणनीति


नई दिल्ली, 18 नवंबर (हि.स.)। न्यूजीलैंड और भारत के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला कल यानी 19 नवंबर से खेला जाएगा। इस मैच से पहले मेजबान टीम के कप्तान टॉम लैथम ने अपनी प्लेइंग इलेवन को लेकर टीम की रणनीति का खुलासा किया है।

आईसीसी की आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार वेलिंगटन में खेले जाने वाले पहले टेस्ट मैच से पहले लैथम ने मीडिया से बातचीत की। लैथम के मुताबिक न्यूजीलैंड पहले टेस्ट में तीन तेज गेंदबाजों और एक गेंदबाजी ऑलराउंडर के साथ मैदान पर उतरेगा। न्यूजीलैंड के कप्तान ने बताया कि जैकब डफी इस अहम मुकाबले के लिए टीम में काइल जैमीसन, मैट हेनरी और बॉलिंग ऑलराउंडर नाथन स्मिथ के साथ जुड़ेंगे। लैथम ने कहा कि हम तीन तेज गेंदबाजों और एक गेंदबाजी ऑलराउंडर के साथ खेलेंगे। हमारे पास कई बेहतरीन तेज गेंदबाज हैं और अच्छी बात यह है कि सभी फिट होने की राह पर हैं।

उन्होंने टीम संयोजन को लेकर आगे कहा कि यह पहले से तय करना मुश्किल है कि खिलाड़ी कौन से मैच खेलेंगे, लेकिन हम इस बात को लेकर लचीला रुख अपना रहे हैं कि मैचों के दौरान क्या होगा और खिलाड़ियों पर कितना काम का बोझ (वर्कलोड) रहेगा। हम अगले छह-सात हफ्तों के लिए अपनी योजनाओं को लचीला रखने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन जाहिर है कि अभी हमारा पूरा ध्यान इसी मैच (भारत के खिलाफ पहला टेस्ट) पर है।

न्यूजीलैंड की टीम वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की अंक तालिका में शीर्ष स्थान पर रहते हुए इस मुकाबले में उतरेगी, जबकि भारतीय टीम चौथे स्थान पर है। ऐसे में दोनों टीमों के लिए यह सीरीज वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल की दौड़ के लिहाज से काफी अहम होगी। अगले साल जून में इंग्लैंड के द ओवल में इस चैंपियनशिप का फाइनल खेला जाना है।

भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज के बाद न्यूजीलैंड को 9 दिसंबर से शुरू होने वाली चार मैचों की टेस्ट सीरीज में ऑस्ट्रेलिया का सामना करना है। साल 2021 में पहला वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल जीतने वाली न्यूजीलैंड की टीम एक बार फिर खिताबी मुकाबले में जगह बनाने की मजबूत दावेदार मानी जा रही है। हालांकि, कप्तान टॉम लैथम का कहना है कि फिलहाल टीम का ध्यान डब्ल्यूटीसी की अंक तालिका या फाइनल की संभावनाओं पर नहीं, बल्कि अपने प्रदर्शन पर है।

उन्होंने कहा, मेरा ध्यान वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की अंक तालिका पर नहीं है। हम उन चीजों पर ध्यान देंगे, जो हमारे नियंत्रण में हैं। हम अपनी रणनीति के मुताबिक क्रिकेट खेलेंगे और मैच जीतने की पूरी कोशिश करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778973 Articles

Share this story