एमपीएल टी-20: बुंदेलखंड बुल्स महिला टीन ने ग्वालियर शेरनीज को 4 विकेट से हराया

WhatsApp Channel Join Now
एमपीएल टी-20: बुंदेलखंड बुल्स महिला टीन ने ग्वालियर शेरनीज को 4 विकेट से हराया


इंदौर, 07 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश लीग (एमपीएल) टी-20 सिंधिया कप के महिला वर्ग में बुंदेलखंड बुल्स ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए ग्वालियर शेरनीज को रोमांचक मुकाबले में 4 विकेट से हरा दिया।

मध्य प्रदेश के इंदौर स्थित डेली कॉलेज रविवार को खेले गए इस मैच में बुंदेलखंड बुल्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया।बल्लेबाजी करते हुए ग्वालियर शेरनीज ने 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 117 रन बनाए।

ग्वालियर शेरनीज की शुरुआत सलामी बल्लेबाज नुजहत परवीन और आशना पाटीदार ने करते हुए पहले विकेट के लिए 37 रन जोड़े। आशना 15 गेंदों में 16 रन बनाकर आउट हुईं। इसके बाद नुजहत परवीन ने सौम्या तिवारी के साथ मिलकर 41 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी की और टीम की पारी को आगे बढ़ाया। कप्तान नुजहत के 45 गेंदों में 38 रन बनाकर आउट होने के बाद शेरनीज की बल्लेबाजी लड़खड़ा गई और नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे।

बुंदेलखंड बुल्स की ओर से शुचि उपाध्याय और मुस्कान बिस्वास ने शानदार गेंदबाजी की। शुचि ने अपने 4 ओवर में 30 रन देकर 3 विकेट हासिल किए, जबकि मुस्कान ने 17 रन देकर 2 विकेट चटकाए। पायल बाल्मिक ने भी किफायती गेंदबाजी करते हुए 2 ओवर में सिर्फ 14 रन देकर 1 विकेट लिया।

118 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बुंदेलखंड बुल्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही। टीम ने 31 रन के स्कोर पर 3 विकेट गंवा दिए। इसके बाद कप्तान अनुष्का शर्मा और सुहानी शर्मा ने चौथे विकेट के लिए 49 रनों की अहम साझेदारी कर पारी को संभाला। सुहानी ने 19 गेंदों में 25 रनों की उपयोगी पारी खेली।

दूसरे छोर पर अनुष्का शर्मा ने जिम्मेदारी संभालते हुए संयमित बल्लेबाजी जारी रखी और टीम को लक्ष्य के करीब पहुंचाया। मैच का रोमांच 17वें ओवर में और बढ़ गया, जब माही ठाकुर आउट होती नजर आईं, लेकिन गेंद नो-बॉल घोषित होने से उन्हें जीवनदान मिल गया। इस मौके का फायदा उठाते हुए माही ठाकुर ने 18 गेंदों में महत्वपूर्ण 16 रन जोड़े। इसके बाद पायल बाल्मिक रन आउट होकर पवेलियन लौट गईं, लेकिन अनुष्का शर्मा अंत तक नाबाद रहीं और अपनी टीम को जीत दिलाकर लौटीं।

अनुष्का ने 49 रनों की मैच जिताऊ पारी खेली और इसी प्रदर्शन के दम पर टीम ने 19.2 ओवर में छह विकेट पर 121 बनाते हुए मुकाबला अपने नाम किया।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह

Share this story