पाकिस्तान की परिस्थितियों से निपटने के लिए तैयार है श्रीलंका : मेंडिस

WhatsApp Channel Join Now
पाकिस्तान की परिस्थितियों से निपटने के लिए तैयार है श्रीलंका : मेंडिस


पाकिस्तान की परिस्थितियों से निपटने के लिए तैयार है श्रीलंका : मेंडिस


नई दिल्ली, 08 नवंबर (हि.स.)। पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच कल यानी सोमवार से पाकिस्तान के रावलपिंडी स्टेडियम में दो मैचों की टेस्ट सीरीज का आगाज होने जा रहा है। श्रीलंका टीम के नए टेस्ट कप्तान कुसल मेंडिस ने अपनी अनुभवी बल्लेबाजी लाइन-अप पर भरोसा जताया है। उनका मानना है कि पाकिस्तान में चाहे जैसी भी परिस्थितियां हों, उनकी टीम उनका सामना करने के लिए पूरी तरह तैयार है।

क्रिकबज के अनुसार सीरीज के पहले मैच से पहले पत्रकारों से बात करते हुए मेंडिस ने अपनी टीम की क्षमता पर भरोसा जताते हुए कहा कि टीम ऐसी पिच पर भी अच्छा प्रदर्शन कर सकती है जो तेज गेंदबाजों के लिए मददगार हो, जो हाल के वर्षों में पाकिस्तान में देखने को मिलने वाली स्पिन-फ्रेंडली पिचों से बिल्कुल अलग होगा।

मेंडिस ने कहा कि हमारी बल्लेबाजी लाइन-अप बहुत मजबूत है, जिसमें कई सीनियर खिलाड़ी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि हर कोई जानता है कि हरी पिच पर कैसे खेलना है। हमने इंग्लैंड में भी बहुत अच्छा खेला था, इसलिए मुझे अपनी बल्लेबाजी लाइन-अप पर पूरा भरोसा है।

मेंडिस पहली बार टेस्ट फॉर्मेट में टीम की कप्तानी कर रहे हैं। उन्होंने अक्टूबर की शुरुआत में धनंजय डी सिल्वा की जगह यह जिम्मेदारी संभाली थी। श्रीलंका की टीम पहले से ही पाकिस्तान में एक महीने से ज्यादा समय से है और वहां 'व्हाइट-बॉल' क्रिकेट (वनडे और टी20) खेला है। मेंडिस ने माना कि इस लंबे शेड्यूल का खिलाड़ियों पर असर पड़ा है।

उन्होंने कहा कि सच कहूं तो वनडे और टी20 के मुकाबले टेस्ट क्रिकेट काफी अलग हैं। मुझे लगता है कि ज्यादातर लोग टेस्ट क्रिकेट खेलना पसंद करते हैं। मुझे भी यह पसंद है। मैं टेस्ट क्रिकेट में कप्तानी करने को लेकर बहुत खुश हूं। हम पाकिस्तान में एक महीने से ज्यादा समय से रह रहे हैं। यह आसान नहीं है। कभी-कभी हम बस होटल में रहते हैं और प्रैक्टिस के लिए बाहर आते हैं। एक महीने तक होटल में रहना थोड़ा मुश्किल होता है लेकिन हम टीम रूम में कुछ चीजें करते हैं, जैसे गेम खेलना या अन्य गतिविधियां, ताकि हमारा मनोरंजन होता रहे।

मेंडिस ने कहा कि जहां तक टेस्ट क्रिकेट की बात है, तो हमें अपने टेस्ट खेल पर ध्यान देना होगा। घर से बाहर टेस्ट खेलना आसान नहीं होता। मुझे लगता है कि पाकिस्तान एक बहुत अच्छी पिच देगा और हमारे पास यह योजना है कि हमें कैसे खेलना है।

मेंडिस ने कहा कि हमारी टीम काफी संतुलित है, जिसमें गेंदबाजी और बल्लेबाजी दोनों विभाग मजबूत हैं। मुझे लगता है कि पिछले कुछ दौरों में हमने गेंदबाजी में बहुत अच्छा प्रदर्शन किया है और वनडे क्रिकेट में भी ऐसा ही रहा है। हमारा तेज गेंदबाजी आक्रमण अच्छा काम कर रहा है। सभी कल के मैच के लिए तैयार हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774236 Articles

Share this story