जमशेद आलम का टी-20 में पदार्पण रहा यादगार, लगातार चार गेंदों पर झटके चार विकेट

WhatsApp Channel Join Now
जमशेद आलम का टी-20 में पदार्पण रहा यादगार, लगातार चार गेंदों पर झटके चार विकेट


इंदौर, 22 नवंबर (हि.स.)। रेलवे के 23 वर्षीय तेज गेंदबाज जमशेद आलम का टी-20 पदार्पण शानदार रहा। उन्होंने रविवार को सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी-2026 में सौराष्ट्र के खिलाफ खेलते हुए लगातार चार गेंदों पर चार विकेट लेकर इतिहास रच दिया। वह टी-20 क्रिकेट में लगातार चार गेंदों पर चार विकेट लेने वाले तीसरे भारतीय गेंदबाज बन गए।

क्रिकइंफो के अनुसार रेलवे ने रविवार को इंदौर के डेली कॉलेज ग्राउंड में खेले गए मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए पांच विकेट पर 182 रन बनाए थे। इसके जवाब में सौराष्ट्र 20 ओवर में आठ विकेट खोकर 153 रन ही बना सकी और 29 रन से मुकाबला हार गई।

सौराष्ट्र की पारी के दौरान चौथे ओवर में गेंदबाजी करने आए आलम ने अपनी पहली ही गेंद से कहर बरपाना शुरू कर दिया था। उन्होंने अपने पहले ओवर में हार्विक देसाई, प्रेरक मांकड़, रुचित अहीर और सम्मर गज्जर को लगातार चार गेंदों पर आउट कर पवेलियन भेज दिया।

जमशेद आलम ने ओवर की तीसरी गेंद पर हार्विक को कैच आउट कराया। इसके बाद अगली गेंद पर मांकड़ को बोल्ड कर दिया। पांचवीं गेंद पर अहीर कैच थमा बैठे, जबकि आखिरी गेंद पर समर गज्जर एलबीडब्ल्यू आउट हो गए। इसके बाद अपने अगले ओवर में सिद्धार्थ राणा को आउट कर आलम ने अपना पांच विकेट का पंजा पूरा किया।

आलम ने महज नौ गेंदों के भीतर पांच विकेट हासिल कर अपनी गेंदबाजी से सभी को प्रभावित किया। पुरुष टी20 क्रिकेट में उनसे कम गेंदों में केवल दो बार पांच विकेट लेने का कारनामा हुआ है। वहीं लगातार चार गेंदों पर चार विकेट लेने वाले वह तीसरे भारतीय तेज गेंदबाज हैं।

जमशेद आलम से पहले दो भारतीय गेंदबाज टी-20 क्रिकेट में लगातार चार गेंदों पर चार विकेट लेने का कारनामा कर चुके हैं। कर्नाटक के अभिमन्यु मिथुन ने नवंबर, 2019 में हरियाणा के खिलाफ पारी के 20वें ओवर में लगातार चार विकेट लिए थे। इसके बाद नवंबर 2021 में विदर्भ के दर्शन नालकंडे ने कर्नाटक के खिलाफ इसी उपलब्धि को दोहराया था। दोनों गेंदबाजों ने यह कारनामा पारी के अंतिम ओवर में किया था, जबकि आलम ने पारी के शुरुआती ओवरों में ही यह उपलब्धि हासिल की।

वहीं विश्व क्रिकेट में आलम से कम गेंदों में पांच विकेट लेने के सिर्फ दो उदाहरण हैं। इंडोनेशिया के गेडे प्रियंदाना ने 2025 में कंबोडिया के खिलाफ महज छह गेंदों में पांच विकेट हासिल किए थे। फिनलैंड के महेश तांबे ने एस्टोनिया के खिलाफ आठ गेंदों में पांच विकेट लेने का कारनामा किया था।

जमशेद आलम मेरठ मेवरिक्स की ओर से उत्तर प्रदेश टी-20 लीग में खेल चुके हैं। इसके अलावा वह रेलवे की तरफ से घरेलू अंडर-23 प्रतियोगिता सीके नायडू ट्रॉफी का भी हिस्सा रहे हैं। इस साल उन्होंने टी-20 मुंबई लीग में आकाश टाइगर्स एमडब्ल्यूएस का प्रतिनिधित्व किया था। ---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781520 Articles

Share this story