कुलदीप जैसे प्रतिभाशाली खिलाड़ी को टीम से जाने देना आसान नहीं था : सौरव गांगुली

WhatsApp Channel Join Now
कुलदीप जैसे प्रतिभाशाली खिलाड़ी को टीम से जाने देना आसान नहीं था : सौरव गांगुली


नई दिल्ली, 18 नवंबर (हि.स.)। दिल्ली कैपिटल्स के मुख्य कोच सौरव गांगुली ने कहा है कि कुलदीप जैसे प्रतिभाशाली खिलाड़ी को टीम से जाने देना आसान नहीं था। टीम के संतुलन और बल्लेबाजी की जरूरत को देखते हुए फ्रेंचाइजी को यह फैसला लेना पड़ा।

इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2027 के मिनी ऑक्शन से पहले पहले सभी 10 फ्रेंचाइजी ने अपने रिटेन और रिलीज किए गए खिलाड़ियों की सूची जारी कर दी है। दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) ने अपने कई बड़े खिलाड़ियों को रिलीज कर दिया। टीम ने स्टार स्पिनर कुलदीप यादव को लखनऊ सुपर जायंट्स के साथ ट्रेड किया। उनके बदले टीम ने विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत को अपने साथ जोड़ा है।

जियोस्टार के 'टाटा आईपीएल 2027 रिटेंशन स्पेशल' कार्यक्रम में गांगुली ने कहा कि कुलदीप को ट्रेड करना मुश्किल फैसला था। वह एक बेहद खास क्रिकेटर हैं और लंबे समय से दिल्ली कैपिटल्स के साथ जुड़े हुए थे। आईपीएल में 10 टीमें हैं और टीम का संतुलन बनाए रखना सबसे जरूरी होता है। हमें एक बल्लेबाज की जरूरत थी। हमें ऋषभ पंत के रूप में एक भारतीय बल्लेबाज मिला है, जिन्होंने दिल्ली के लिए अच्छा प्रदर्शन किया है। मैं उन्हें बहुत ऊंचे दर्जे का खिलाड़ी मानता हूं।

गांगुली ने कहा कि खिलाड़ियों को रिलीज करने और रिटेन करने के पीछे की पूरी रणनीति बताना मुश्किल है। यह इस बात पर निर्भर करता है कि खिलाड़ी का प्रदर्शन कैसा रहा है, फ्रेंचाइजी किस खिलाड़ी पर कितना विश्वास करती है और कौन टीम को आईपीएल में मैच जिताने की क्षमता रखता है। इसके अलावा ऑक्शन में उपलब्ध खिलाड़ियों को भी ध्यान में रखा जाता है।

उन्होंने आगे कहा कि यह छोटा ऑक्शन है, इसलिए फ्रेंचाइजी पिछले दो साल के प्रदर्शन और अगले तीन साल की जरूरतों को ध्यान में रखती है। इसके लिए कोई तय नियम नहीं है कि कौन सा फैसला सही है और कौन सा गलत। यह पूरी तरह भरोसे और विश्वास पर निर्भर करता है। ---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779174 Articles

Share this story