शुभमन गिल ने टेस्ट क्रिकेट में पूरे किए 3000 रन, यह उपलब्धि हासिल करने वाले चौथे सबसे युवा भारतीय बने
कोलंबो (श्रीलंका), 23 अगस्त (हि.स.)। भारतीय क्रिकेट टीम के टेस्ट और वनडे कप्तान शुभमन गिल ने टेस्ट क्रिकेट में अपने 3000 रन पूरे कर लिए हैं। इसके साथ ही वह टेस्ट क्रिकेट में सबसे कम उम्र में 3000 रन पूरे करने वाले भारतीय बल्लेबाजों की सूची में चौथे स्थान पर पहुंच गए हैं। गिल ने यह उपलब्धि रविवार को श्रीलंका के खिलाफ कोलंबो में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट के पहले दिन हासिल की।
गिल को इस मुकाम तक पहुंचने के लिए मुकाबले से पहले सिर्फ सात रन की जरूरत थी। पारी के 23वें ओवर में केशरा नुवान्था की गेंद पर चौका जड़ते हुए गिल ने अपने 3000 टेस्ट रन पूरे किए। गिल ने यह उपलब्धि 26 साल 349 दिन की उम्र में हासिल की और इस मामले में पूर्व भारतीय कप्तान कपिल देव को पीछे छोड़ दिया। कपिल देव ने 26 साल 356 दिन की उम्र में टेस्ट क्रिकेट में 3000 रन पूरे किए थे।
भारत के लिए सबसे कम उम्र में 3000 टेस्ट रन पूरे करने का रिकॉर्ड महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के नाम है। तेंदुलकर ने महज 23 साल 228 दिन की उम्र में यह उपलब्धि हासिल की थी। विस्फोटक बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग इस सूची में दूसरे स्थान पर हैं, जिन्होंने 26 साल 157 दिन की उम्र में 3000 टेस्ट रन पूरे किए थे। दिलीप वेंगसरकर ने 26 साल 263 दिन की उम्र में यह आंकड़ा छुआ था।
गिल ने 43वें टेस्ट में 3000 रन का आंकड़ा पार किया। इस मैच से पहले उनके नाम 42 टेस्ट में 11 शतक और आठ अर्धशतक दर्ज हैं।
सबसे कम उम्र में 3000 टेस्ट रन बनाने वाले भारतीय
23 साल 228 दिन — सचिन तेंदुलकर
26 साल 157 दिन — वीरेंद्र सहवाग
26 साल 263 दिन — दिलीप वेंगसरकर
26 साल 349 दिन — शुभमन गिल
26 साल 356 दिन — कपिल देव
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह

