भारतीय टीम ने 564 रन पर घोषित की पहली पारी, गिल-राहुल ने जड़े शतक

WhatsApp Channel Join Now
भारतीय टीम ने 564 रन पर घोषित की पहली पारी, गिल-राहुल ने जड़े शतक


न्यू चंडीगढ़, 07 जून (हि.स.)। भारतीय टीम ने अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मैच में अपनी पहली पारी आठ विकेट पर 564 रन बनाकर घोषित कर दी। पहली पारी में कप्तान शुभमन गिल (126) और सलामी बल्लेबाज केएल राहुल (100) ने शानदार शतक जड़े। साई सुदर्शन (81), ऋषभ पंत (81) और वाशिंगटन सुंदर (52) ने अर्धशतकीय पारियां खेली।

अफगानिस्तान के लिए तेज गेंदबाद मोहम्मद सलीम सैफी सबसे सफल रहे और छह विकेट अपने नाम किए, जबकि जियाउर रहमान शरीफी और हशमातुल्लाह शाहिदी को एक-एक विकेट मिला।

न्यू चंडीगढ़ में खेले जा रहे टेस्ट में भारतीय टीम ने दूसरे दिन पहली पारी में तीन विकेट पर 368 रन से आगे खेलना शुरु किया। कप्तान शुभमन गिल और ऋषभ पंत ने पारी को आगे बढ़ाया और पहली पारी में टीम के स्कोर को 400 रन के पार ले गए। हालांकि कुछ देर बाद कप्तान गिल 177 गेंदों पर 15 चौकों और एक छक्के की मदद से 126 रन बनाकर आउट हो गए।

भारतीय टीम का ध्रुव जुरेल के रूप में पांचवां विकेट गिरा। जुरेल 20 गेंदों पर चार चौकों की मदद से 19 रन बनाकर आउट हुए। सुबह के सत्र में भारतीय टीम को ऋषभ पंत के रूप में एक और झटका लगा। पंत शानदार बल्लेबाजी कर रहे थे और शतक के करीब थे, लेकिन बड़ा शॉट मारने के दौरान कैच आउट हो गए। पंत ने 121 गेंदों पर छह चौकों और तीन छक्कों की मदद से 81 रन बनाए।

दूसरे दिन लंच ब्रेक तक भारतीय टीम पहली पारी में छह विकेट खोकर 475 रन बनाए। इसके बाद दूसरे सत्र में टीम ने 500 रनों का आंकड़ा भी पार कर लिया। भारत का सातवां विकेट 510 के कुल स्कोर पर गिरा। मानव सुथार अपने पदार्पण मैच की पहली पारी में 41 गेंदों पर दो चौकों और दो छक्कों की मदद से 28 रन बनाकर आउट हुए। मोहम्मद सिराज 12 गेंदों पर 22 रन बनाकर पवेलियन लौटे। इसके बाद भारतीय टीम ने 564 रन पर पारी घोषित कर दी। वाशिंगटन सुंदर 68 गेंदों पर 52 रन और कुलदीप यादव 26 गेंदों पर 9 रन बनाकर नाबाद लौटे।

इससे पहले भारत की ओर से पहले दिन सलामी बल्लेबाज केएल राहुल ने 165 गेंदों पर 11 चौकों की मदद से 100 रन, साई सुदर्शन 104 गेंदों पर 81 रन और यशस्वी जायसवाल ने 32 गेंदों में 24 रन बनाए थे। ---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह

Share this story