भारत ने पहले वनडे में न्यूजीलैंड को पांच विकेट से हराया, कोहली ने जड़ा अर्धशतक

WhatsApp Channel Join Now
भारत ने पहले वनडे में न्यूजीलैंड को पांच विकेट से हराया, कोहली ने जड़ा अर्धशतक


ऑकलैंड, 04 नवंबर (हि.स.)। भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड को पांच मैचों की वनडे सीरीज के पहले मुकाबले में पांच विकेट से हरा दिया। ऑकलैंड के ईडन पार्क स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में मेजबान टीम 40.2 ओवर में 185 रन पर सिमट गई। इसके बाद बारिश के कारण भारतीय टीम को डकवर्थ लुईस नियम (डीएलएस) के तहत जीत के लिए 32 ओवर में 143 रन का संशोधित लक्ष्य मिला।

भारतीय टीम ने 22.4 ओवर में पांच विकेट पर 143 रन बनाते हुए इसे हासिल कर लिया। इस जीत के साथ भारत ने पांच मैचों की वनडे सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। दोनों टीमों के बीच अगला वनडे सात नवंबर को वेलिंगटन में खेला जाएगा।

भारत की जीत के नायक स्टार बल्लेबाज विराट कोहली रहे, जिन्होंने 51 गेंदों में 13 चौकों और एक छक्के की मदद से 74 रन की शानदार पारी खेली। गेंदबाजी में अर्शदीप सिंह ने चार विकेट लेकर न्यूजीलैंड की कमर तोड़ दी।

लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। इसके बाद कप्तान शुभमन गिल और पूर्व कप्तान विराट कोहली ने पारी को संभाला और तेजी से रन बटोरे। हालांकि, बारिश के कारण मुकाबले में दो बार रुकावट आई। पहली बार 10.5 ओवर के बाद खेल रोका गया। बारिश थमने पर मैच को 40 ओवर का कर दिया गया और भारत के सामने 167 रन का संशोधित लक्ष्य रखा गया, लेकिन कुछ ही देर बाद दोबारा बारिश शुरू हो गई। खेल फिर शुरू होने पर भारतीय टीम को 32 ओवर में 143 रन बनाने का लक्ष्य मिला।

इसके बाद विराट कोहली ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए महज 35 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। यह उनके वनडे करियर का 80वां अर्धशतक रहा। दूसरे छोर पर शुभमन गिल ने उनका अच्छा साथ दिया। दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 113 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी हुई। भारत को 114 के स्कोर पर दूसरा झटका लगा। शुभमन गिल 56 गेंदों में 37 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद विराट कोहली भी 51 गेंदों में 74 रन बनाकर पवेलियन लौट गए।अक्षर पटेल बिना खाता खोले आउट हो गए। श्रेयस अय्यर ने 15 रन का योगदान दिया। अंत में नमन धीर ने चौका लगाकर भारत को जीत दिला दी। केएल राहुल तीन और नमन धीर पांच रन बनाकर नाबाद रहे।

न्यूजीलैंड की ओर से जैकब डफी ने तीन विकेट लिए, जबकि काइल जैमीसन और नाथन स्मिथ को एक-एक सफलता मिली।

इससे पहले टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने बड़ा स्कोर खड़ा करने में नाकाम रही और 40.2 ओवर में 185 रन पर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से केवल पांच बल्लेबाज ही दहाई का आंकड़ा पार कर सके। टिम सेफर्ट ने 43 गेंदों में 38 रन बनाए। ब्लेयर टिकनर ने निचले क्रम में आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 23 गेंदों में एक चौके और चार छक्कों के सहारे 34 रन जोड़े। ग्लेन फिलिप्स ने 51 गेंदों में 30 और डेरिल मिचेल ने 41 गेंदों में 28 रन बनाए। जैकब डफी 15 रन बनाकर नाबाद रहे। वहीं विल यंग और हेनरी निकोल्स ने नौ-नौ रन बनाए। टॉम लाथम तीन, कप्तान मिचेल सैंटनर चार, नाथन स्मिथ एक और काइल जैमीसन एक रन बनाकर आउट हुए।

भारतीय टीम की ओर से तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने चार विकेट लिए, जबकि गुरनूर बरार को तीन विकेट और अंशुल कंबोज को दो विकेट मिले।-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

772373 Articles

Share this story