आईसीसी 'प्लेयर ऑफ द मंथ' के लिए मार्को यानसेन, अराफात मिन्हास और शाई होप नामांकित

WhatsApp Channel Join Now
आईसीसी 'प्लेयर ऑफ द मंथ' के लिए मार्को यानसेन, अराफात मिन्हास और शाई होप नामांकित


नई दिल्ली, 05 नवंबर (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने अक्टूबर महीने के लिए पुरुष प्लेयर ऑफ द मंथ पुरस्कार के नामांकित खिलाड़ियों की घोषणा कर दी है। इनमें दक्षिण अफ्रीका के ऑलराउंडर मार्को यानसेन, पाकिस्तान के युवा ऑलराउंडर अराफात मिन्हास और वेस्टइंडीज के अनुभवी बल्लेबाज शाई होप हैं। तीनों खिलाड़ियों ने अक्टूबर में अपनी-अपनी टीम के लिए शानदार प्रदर्शन से जीत में अहम भूमिका निभाई।

मार्को यानसेन (दक्षिण अफ्रीका)दक्षिण अफ्रीका के ऑलराउंडर मार्को यानसेन ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों की टेस्ट सीरीज में बल्ले और गेंद दोनों से अहम योगदान दिया। उनके बेहतरीन योगदान की बदौलत दक्षिण अफ्रीका ने यह सीरीज 2-1 से अपने नाम की। यानसेन का सबसे यादगार प्रदर्शन गकेबरहा में खेले गए दूसरे टेस्ट में देखने को मिला। उन्होंने पहली पारी में 85 रन बनाने के साथ कुल छह विकेट हासिल किए। उनके इस प्रदर्शन की बदौलत दक्षिण अफ्रीका ने यह टेस्ट पारी और 31 रन से जाती।

सीरीज के निर्णायक तीसरे टेस्ट में भी उन्होंने अर्धशतक लगाया और तीन विकेट हासिल किए। उनके लगातार शानदार प्रदर्शन का फायदा उन्हें आईसीसी पुरुष टेस्ट ऑलराउंडर रैंकिंग में मिला, जहां वह शीर्ष स्थान पर पहुंच गए।

अराफात मिन्हास (पाकिस्तान)पाकिस्तान के ऑलराउंडर अराफात मिन्हास ने घरेलू मैदान पर खेली गई वनडे त्रिकोणीय सीरीज में बल्ले और गेंद दोनों से अहम योगदान दिया। उन्होंने पांच मुकाबलों में 149 रन बनाए और नौ विकेट हासिल किए। इंग्लैंड के खिलाफ मुकाबले में मिन्हास ने 59 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली और गेंदबाजी में 40 रन देकर छह विकेट झटके। यह घरेलू मैदान पर किसी पाकिस्तानी गेंदबाज का वनडे क्रिकेट में दूसरा सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन रहा।

मिन्हास ने श्रीलंका के खिलाफ फाइनल में भी 31 गेंदों पर नाबाद 61 रन की पारी खेली और पाकिस्तान को 326 रन का लक्ष्य हासिल करने में मदद की। उन्हें टूर्नामेंट का प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया।

शाई होप (वेस्टइंडीज)वेस्टइंडीज के बल्लेबाज शाई होप के लिए अक्टूबर का महीना बेहद शानदार रहा। उन्होंने भारत के खिलाफ वनडे और टी-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज में कई मैच जिताऊ पारियां खेलीं। होप ने न्यू चंडीगढ़ में खेले गए तीसरे वनडे मुकाबले में नाबाद 162 रन की शानदार पारी खेली। उनकी इस पारी की बदौलत वेस्टइंडीज ने 352 रन का लक्ष्य हासिल किया। यह वनडे क्रिकेट में वेस्टइंडीज का अब तक का सबसे बड़ा सफल रन चेज रहा।

इसके बाद पांच मैचों की टी-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज में भी होप का बल्ला जमकर चला। उन्होंने इस सीरीज में दो शतक लगाए। चौथे टी-20 मुकाबले में उन्होंने महज 50 गेंदों पर नाबाद 102 रन की पारी खेली। होप ने पूरी टी-20 सीरीज में निरंतरता बनाए रखी और कुल 261 रन बनाए। ----------------

हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

772914 Articles

Share this story