एसए20 का पांचवां सीजन पिछले चार संस्करणों की सफलता को आगे बढ़ाएगा : ग्रीम स्मिथ

WhatsApp Channel Join Now
एसए20 का पांचवां सीजन पिछले चार संस्करणों की सफलता को आगे बढ़ाएगा : ग्रीम स्मिथ


नई दिल्ली, 05 नवंबर (हि.स.)। दक्षिण अफ्रीका की प्रमुख टी-20 लीग एसए20 का हर सीजन क्रिकेट के रोमांच और गुणवत्ता को नई ऊंचाइयों पर ले जा रहा है। लीग के कमिश्नर और पूर्व कप्तान ग्रीम स्मिथ को भरोसा है कि पांचवां सीजन भी क्रिकेट प्रेमियों के लिए खास अनुभव लेकर आएगा। उनका कहना है कि पांचवां संस्करण, पिछले चार संस्करणों में देखने को मिले क्रिकेट के स्तर में सुधार के सिलसिले को आगे बढ़ाएगा।

स्मिथ ने यह बात तब कही जब गुरुवार को एसए20 ने अपने पांचवें सीजन के अभियान की शुरुआत की। यह सीजन 17 जनवरी से 21 फरवरी, 2027 तक आयोजित होगा। लीग कमिश्नर ने कहा कि एसए20 के पांचवें सीजन में कदम रखते हुए यह लीग आज भी पूरी तरह से प्रशंसकों की है। उन्होंने हमारे स्टेडियमों को खचाखच भरा, अपने उत्साह से माहौल बनाया और इस लीग को खास पहचान दिलाई है। पांचवां सीजन उनके प्रति आभार जताने का हमारा तरीका है।

उन्होंने कहा कि हम एक बार फिर दुनिया के कुछ बेहतरीन टी-20 क्रिकेटरों का दक्षिण अफ्रीका में स्वागत करने के लिए उत्साहित हैं। ये खिलाड़ी हमारे प्रोटियाज सितारों के साथ खेलेंगे। इसके अलावा हमें दक्षिण अफ्रीका की अगली पीढ़ी के होनहार युवा खिलाड़ियों को भी खेलते देखने का मौका मिलेगा।

ग्रीम स्मिथ ने आगे कहा कि हर सीजन के साथ क्रिकेट का स्तर बेहतर हो रहा है और पांचवें सीजन में भी यही देखने को मिलेगा। उन्होंने कहा कि एसए20 हर वर्ग के क्रिकेट प्रेमियों के लिए है। चाहे कोई लंबे समय से क्रिकेट देख रहा हो, पहली बार अपने बच्चों के साथ स्टेडियम आ रहा हो या दोस्तों के साथ मनोरंजन के लिए पहुंच रहा हो, इस लीग में सभी के लिए कुछ न कुछ खास है।

सीजन का पहला मुकाबला 17 जनवरी को ग्केबेरहा में खेला जाएगा, जहां तीन बार की चैंपियन सनराइजर्स ईस्टर्न केप का सामना प्रिटोरिया कैपिटल्स से होगा। लीग का आयोजन दक्षिण अफ्रीका के छह प्रमुख शहरों पार्ल, प्रिटोरिया, डरबन, केपटाउन, जोहान्सबर्ग और ग्केबेरहा में किया जाएगा। शुरुआती सप्ताह में लगातार रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे। सप्ताहांत में डबल हेडर मुकाबले भी खेले जाएंगे। इससे प्रशंसकों को एक ही दिन में दो मैचों का आनंद लेने का मौका मिलेगा।------------

हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

772914 Articles

Share this story