चोट के कारण दक्षिण अफ्रीका दौरे से बाहर हुए शादमान इस्लाम
नई दिल्ली, 08 नवंबर (हि.स.)। दक्षिण अफ्रीका के आगामी दौरे से पहले बांग्लादेश क्रिकेट टीम के सलामी बल्लेबाज शादमान इस्लाम टखने की चोट के कारण पूरे दौरे से बाहर हो गए हैं। बांग्लादेश की टीम इस महीने दक्षिण अफ्रीका में दो टेस्ट और इसके बाद तीन वनडे और तीन टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की सीरीज खेलेगी।
क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक सिलहट (बांग्लादेश) में वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच के दूसरे दिन बल्लेबाजी के दौरान शादमान का टखना मुड़ गया था। चोट गंभीर होने के कारण उन्हें दक्षिण अफ्रीका दौरे से बाहर होना पड़ा है। सिलेक्शन पैनल के एक सदस्य ने क्रिकबज को बताया कि शादमान दक्षिण अफ्रीका के दौरे से बाहर हो गए हैं। उनके मुताबिक सलामी बल्लेबाज के टखने में टियर आया है और साथ ही फ्रैक्चर होने की भी आशंका है।
माना जा रहा है कि सिलहट में वेस्टइंडीज के खिलाफ चल रहे दूसरे टेस्ट में बांग्लादेश की टीम एक खिलाड़ी कम के साथ बल्लेबाजी करेगी।
क्रिकबज के अनुसार सलामी बल्लेबाज महफिजुल इस्लाम रॉबिन को दक्षिण अफ्रीका दौरे के लिए टेस्ट टीम में शामिल किया जा सकता है। महफिजुल अभी टेस्ट टीम के साथ सिलहट में हैं।
बांग्लादेश की टीम 10 नवंबर को ढाका से दक्षिण अफ्रीका के लिए रवाना होगी। वहां टीम दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेलेगी, जिसके बाद तीन वनडे और तीन टी20 मैच खेले जाएंगे। पहला टेस्ट 15 से 19 नवंबर तक और दूसरा टेस्ट 23 से 27 नवंबर तक खेला जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह

