मिचेल मार्श का शतक बेकार, इंग्लैंड ने चौथा टी20 में ऑस्ट्रेलिया को सात रन से हराया

WhatsApp Channel Join Now
मिचेल मार्श का शतक बेकार, इंग्लैंड ने चौथा टी20 में ऑस्ट्रेलिया को सात रन से हराया


सिडनी, 29 नवंबर (हि.स.)। मिचेल मार्श के तूफानी शतक के बावजूद ऑस्ट्रेलिया को इंग्लैंड के खिलाफ चौथे टी-20 मुकाबले में 7 रन से हार का सामना करना पड़ा। रविवार को सिडनी में खेले गए मुकाबले में इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट पर 181 रन बनाए। जवाब में ऑस्ट्रेलियाई टीम कप्तान मार्श की 119 रन की पारी के बावजूद निर्धारित ओवरों में सात विकेट पर १७४ रन ही बना सकी। इस जीत के साथ इंग्लैंड ने पांच मैचों की सीरीज में 3-1 की अजेय बढ़त बना ली है।

मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत बेहद खराब रही और टीम ने महज 32 रन के स्कोर पर अपने चार विकेट गंवा दिए। सलामी बल्लेबाज फिल सॉल्ट 7 रन, एन्यूरिन डोनाल्ड 7 रन, कप्तान हैरी ब्रूक 9 रन और टॉम बैंटन 3 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद जॉर्डन कॉक्स और जेम्स कोल्स ने पारी को संभाला और टीम के स्कोर को आगे बढ़ाया। जॉर्डन ने २३ और जेम्स ने ३३ रन बनाए। दोनों का विकेट गिरने के बाद सैम करन ने लियाम डॉसन और जेमी ओवर्टन के साथ साझेदारी कर टीम के स्कोर को 181 रन तक पहुंचाया। लियाम ने २३ रन बनाए, जबकि सैम नाबाद ५० रन और जेमी ने नाबाद २० रन की पारी खेली।

ऑस्ट्रेलिया की ओर से स्पेंसर जॉन्सन और रिले मेरेडिथ ने 2-2 विकेट हासिल किए। वहीं एडम जम्पा, निखिल चौधरी और जैक एडवर्ड्स ने एक-एक विकेट लिया।

182 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही। जैक फ्रेजर मैकगर्क बिना खाता खोले आउट हो गए। इसके बाद सैम हार्पर 18 रन बनाकर पवेलियन लौटे। निखिल चौधरी 12 रन और टिम डेविड 12 रन बनाकर आउट हुए। कप्तान मिचेल मार्श ने एक छोर संभालते हुए तेजी से रन बटोरे। उन्होंने 57 गेंदों में 9 चौके और 9 छक्कों की मदद से 119 रन की तूफानी पारी खेली। मार्श ने आखिरी तक टीम को जीत दिलाने की कोशिश की लेकिन दूसरे छोर से उन्हें पर्याप्त सहयोग नहीं मिला।

इंग्लैंड की ओर से हेनरी क्रोकोम्बे सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के तीन बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। उनके अलावा सैम करन, लियाम डॉसन, आदिल रशीद और जेमी ओवर्टन ने एक-एक विकेट लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

785425 Articles

Share this story