(लीड) दिल्ली में 22वीं राष्ट्रमंडल टेबल टेनिस चैंपियनशिप का शुभारम्भ, 25 देशों के खिलाड़ी दिखाएंगे दम

WhatsApp Channel Join Now
(लीड) दिल्ली में 22वीं राष्ट्रमंडल टेबल टेनिस चैंपियनशिप का शुभारम्भ, 25 देशों के खिलाड़ी दिखाएंगे दम


(लीड) दिल्ली में 22वीं राष्ट्रमंडल टेबल टेनिस चैंपियनशिप का शुभारम्भ, 25 देशों के खिलाड़ी दिखाएंगे दम


(लीड) दिल्ली में 22वीं राष्ट्रमंडल टेबल टेनिस चैंपियनशिप का शुभारम्भ, 25 देशों के खिलाड़ी दिखाएंगे दम


-दर्शकों के लिए प्रवेश नि:शुल्क, 2 अगस्त तक चलेगी चैंपियनशिप

नई दिल्ली, 27 जुलाई (हि.स.)। राजधानी दिल्ली के त्यागराज स्टेडियम में सोमवार को 22वीं राष्ट्रमंडल टेबल टेनिस चैंपियनशिप का भव्य शुभारंभ हुआ। 27 जुलाई से दो अगस्त तक चलने वाली इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में राष्ट्रमंडल के 25 देशों के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता के सभी मुकाबले दर्शकों के लिए निःशुल्क रखे गए हैं।

उद्घाटन समारोह में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, खेल मंत्री आशीष सूद, राष्ट्रमंडल टेबल टेनिस फेडरेशन के अध्यक्ष विवेक कोहली, टेबल टेनिस फेडरेशन ऑफ इंडिया की अध्यक्ष मेघना अहलावत, विभिन्न देशों के प्रतिनिधि, खिलाड़ी और बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने प्रतियोगिता की आधिकारिक ट्रॉफी का अनावरण कर 22वीं राष्ट्रमंडल टेबल टेनिस चैंपियनशिप के औपचारिक शुभारंभ की घोषणा की। इसके बाद खिलाड़ियों ने खेल भावना, निष्पक्ष प्रतिस्पर्धा और अनुशासन बनाए रखने की शपथ ली। मुख्यमंत्री ने टेबल टेनिस रैकेट से प्रतीकात्मक 'सेरेमोनियल फर्स्ट स्ट्रोक' खेलकर प्रतियोगिता का आगाज किया।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली के लिए इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता की मेजबानी करना गौरव का विषय है। राजधानी में आयोजित यह आयोजन दिल्ली के सबसे बड़े खेल आयोजनों में से एक है और इससे न केवल खेलों को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि भारत की वैश्विक खेल पहचान भी मजबूत होगी।

उन्होंने कहा कि खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि विभिन्न देशों, संस्कृतियों और समाजों को जोड़ने का प्रभावी मंच भी हैं। ऐसे आयोजन युवाओं को अनुशासन, समर्पण, उत्कृष्टता और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के लिए प्रेरित करते हैं, साथ ही वैश्विक मित्रता और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को भी मजबूत बनाते हैं।

रेखा गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत खेलों के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर रहा है। विश्वस्तरीय खेल अवसंरचना का विकास, खिलाड़ियों को आधुनिक सुविधाएं और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की सफल मेजबानी भारत की बढ़ती वैश्विक प्रतिष्ठा का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार भी राजधानी में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने, युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खेल आयोजनों की मेजबानी के लिए लगातार कार्य कर रही है।

दिल्ली के खेल मंत्री आशीष सूद ने कहा कि यह प्रतियोगिता केवल विश्वस्तरीय खिलाड़ियों के बीच मुकाबले का मंच नहीं है, बल्कि विभिन्न देशों के बीच मित्रता, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और खेल भावना को मजबूत करने का भी महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि शिक्षा और खेल एक-दूसरे के पूरक हैं। जहां शिक्षा विद्यार्थियों को ज्ञान और सोचने की क्षमता प्रदान करती है, वहीं खेल उन्हें टीम भावना, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, धैर्य, संघर्ष और दूसरों के प्रति सम्मान जैसे जीवन मूल्यों का पाठ पढ़ाते हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार खेल स्टेडियमों और बुनियादी ढांचे के विकास के साथ-साथ प्रतिभाओं की पहचान, वैज्ञानिक प्रशिक्षण और खिलाड़ियों के लिए नए अवसर उपलब्ध कराने पर भी विशेष ध्यान दे रही है, ताकि भारत खेलों के क्षेत्र में और अधिक मजबूत बन सके।

उद्घाटन समारोह के दौरान भारतीय परंपरा के अनुरूप सभी विदेशी खिलाड़ियों और प्रतिनिधिमंडलों का स्वागत किया गया। इसके बाद विभिन्न देशों के खिलाड़ियों ने अपने-अपने राष्ट्रीय ध्वज के साथ 'परेड ऑफ नेशंस' में हिस्सा लिया। रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उद्घाटन समारोह को यादगार बना दिया। विद्यार्थियों और कलाकारों ने भारतीय संस्कृति, एकता और विविधता पर आधारित आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। 'कलर ऑफ इंडिया', 'शिव तांडव' और सितार-सिम्फनी जुगलबंदी जैसी प्रस्तुतियों ने देश-विदेश से आए खिलाड़ियों और अतिथियों को भारतीय सांस्कृतिक विरासत की झलक दिखाई।

उल्लेखनीय है कि इस बार की राष्ट्रमंडल टेबल टेनिस चैंपियनशिप में भारत सहित ऑस्ट्रेलिया, बांग्लादेश, बारबाडोस, बोत्सवाना, कनाडा, साइप्रस, इंग्लैंड, फॉकलैंड आइलैंड्स, जमैका, केन्या, मलावी, मलेशिया, मालदीव, नामीबिया, न्यूजीलैंड, नाइजीरिया, नॉर्दर्न आयरलैंड, स्कॉटलैंड, सिंगापुर, दक्षिण अफ्रीका, श्रीलंका, वेल्स, जाम्बिया और जिम्बाब्वे के खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।

एक सप्ताह तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में व्यक्तिगत और टीम स्पर्धाओं के रोमांचक मुकाबले खेले जाएंगे, जिन पर देश-विदेश के खेल प्रेमियों की नजरें रहेंगी।---------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

Share this story