22वीं कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस चैंपियनशिप का ऐलान, 27 जुलाई से 02 अगस्त तक

WhatsApp Channel Join Now
22वीं कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस चैंपियनशिप का ऐलान, 27 जुलाई से 02 अगस्त तक


नई दिल्ली, 06 मई (हि.स.)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को दिल्ली सचिवालय में 22वीं कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस चैम्पियनशिप 2026 का आधिकारिक ऐलान किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली अब खेलों के वैश्विक मंच पर अपनी नई पहचान दर्ज कराने जा रही है।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट करते हुए बताया कि 27 जुलाई से 02 अगस्त तक त्यागराज स्टेडियम में आयोजित होने वाली इस प्रतिष्ठित चैम्पियनशिप में इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया, कनाडा, न्यूज़ीलैंड, दक्षिण अफ्रीका और मलेशिया सहित 35 से अधिक कॉमनवेल्थ देशों के खिलाड़ी भाग लेंगे।

उन्होंने कहा कि यह चैम्पियनशिप दिल्ली की आधुनिक खेल सुविधाओं, बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर और विश्वस्तरीय आयोजन क्षमता को दुनिया के सामने प्रदर्शित करेगी।

इस अवसर पर दिल्ली के खेल मंत्री आशीष सूद सहित कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस फेडरेशन और टेबल टेनिस फेडरेशन आफ इंडिया के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

मंत्री आशीष सूद ने कहा कि 22वीं कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस चैम्पियनशिप में 35 से अधिक राष्ट्रमंडल देशों के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। यह प्रतिष्ठित आयोजन दिल्ली के विश्व-स्तरीय खेल बुनियादी ढांचे को प्रदर्शित करेगा और ओलंपिक में उत्कृष्टता हासिल करने के हमारे 'विजन 2036' को और मजबूत करेगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में हम खेलों को बढ़ावा देने और वैश्विक आयोजनों की मेजबानी करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

Share this story