छत्तीसगढ़ हॉकी लीग से जमीनी स्तर पर मजबूत होगी हॉकी : रक्षा खडसे

WhatsApp Channel Join Now
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग से जमीनी स्तर पर मजबूत होगी हॉकी : रक्षा खडसे


छत्तीसगढ़ हॉकी लीग से जमीनी स्तर पर मजबूत होगी हॉकी : रक्षा खडसे


छत्तीसगढ़ हॉकी लीग से जमीनी स्तर पर मजबूत होगी हॉकी : रक्षा खडसे


- रायपुर में छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का आगाज, 132 खिलाड़ी दिखाएंगे दम

रायपुर, 21 अक्टूबर (हि.स.)। केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल राज्य मंत्री रक्षा खडसे ने बुधवार को रायपुर के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में छत्तीसगढ़ हॉकी लीग (सीएचएल) के पहले सत्र का उद्घाटन किया। उन्होंने लीग को राज्य में जमीनी स्तर पर हॉकी को मजबूत करने और युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के अवसर देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।

खडसे ने कहा कि खेलों के विकास के लिए युवाओं को नियमित प्रतिस्पर्धा, बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक सुविधाएं और संस्थागत सहयोग उपलब्ध कराना जरूरी है। छत्तीसगढ़ हॉकी लीग जैसी प्रतियोगिताएं उभरते खिलाड़ियों को अनुभवी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के साथ खेलने का अवसर देती हैं। इससे उन्हें अपने कौशल को निखारने, आत्मविश्वास बढ़ाने और उच्च स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार होने में मदद मिलेगी।

उन्होंने कहा कि आदिवासी और ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं को आगे लाने की अपार संभावनाएं हैं। स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर मंच और अनुभवी खिलाड़ियों का मार्गदर्शन मिलने से छत्तीसगढ़ भारतीय खेल जगत में अपनी भूमिका और मजबूत कर सकता है। इससे पहले आयोजित खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स ने भी राज्य की खेल प्रतिभाओं को सामने लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

छत्तीसगढ़ सरकार के खेल एवं युवा कल्याण विभाग की ओर से आयोजित और हॉकी इंडिया से मान्यता प्राप्त इस लीग में छह फ्रेंचाइजी टीमें हिस्सा ले रही हैं। प्रतियोगिता 21 अक्टूबर से एक नवंबर तक रायपुर में खेली जाएगी। राजधनी रॉयल्स, न्यायधानी नाइट्स, संस्कारधानी स्ट्राइकर्स, चक्रधर चैंपियंस, बैलाडीला बुल्स और मैनपाट टाइटंस के नाम से टीमें मैदान में उतरेंगी।

प्रत्येक टीम में 22 खिलाड़ी हैं, जिनमें छत्तीसगढ़ के 18 और राज्य के बाहर के चार खिलाड़ी शामिल हैं। इस तरह पहले सत्र में कुल 132 खिलाड़ी भाग लेंगे। भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान और ओलंपियन सरदार सिंह लीग के ब्रांड एंबेसडर हैं। टीमों में पूर्व ओलंपियनों को प्रमुख खिलाड़ियों के रूप में शामिल किया गया है, जिससे युवा खिलाड़ियों को उनके अनुभव से सीखने का अवसर मिलेगा।

टूर्नामेंट में पुरुषों के 18 मुकाबले खेले जाएंगे। इसके बाद सेमीफाइनल और फाइनल होगा, जबकि एक नवंबर को खिताबी मुकाबला निर्धारित है। महिला हॉकी को प्रोत्साहित करने के लिए एक प्रदर्शनी मैच भी आयोजित किया जाएगा।

लीग का शुभंकर बाघवा है और इसका नारा ‘चलो रे संगी, हॉकी खेलबो’ छत्तीसगढ़ की स्थानीय संस्कृति और खेल भावना को दर्शाता है। उद्घाटन समारोह में राज्य की सांस्कृतिक विरासत पर आधारित प्रस्तुतियों के साथ पंजाबी गायक जस्सी गिल और बब्बल राय भी कार्यक्रम पेश करेंगे।

प्रतियोगिता की कुल इनामी राशि 21 लाख रुपये रखी गई है। विजेता टीम को 11 लाख और उपविजेता को छह लाख रुपये मिलेंगे। सभी मैच रायपुर के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में खेले जाएंगे। दर्शकों के लिए प्रवेश निःशुल्क रहेगा, जबकि मुकाबलों का सीधा प्रसारण जियोहॉटस्टार पर किया जाएगा।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

764673 Articles

Share this story