एनटीपीसी लारा में 21वीं राज्य अंतर-जिला वॉलीबॉल चैंपियनशिप का शुभारंभ

WhatsApp Channel Join Now
एनटीपीसी लारा में 21वीं राज्य अंतर-जिला वॉलीबॉल चैंपियनशिप का शुभारंभ


एनटीपीसी लारा में 21वीं राज्य अंतर-जिला वॉलीबॉल चैंपियनशिप का शुभारंभ


रायगढ़, 12 नवंबर (हि.स.)। एनटीपीसी लारा स्थित मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में 21वीं सीनियर छत्तीसगढ़ राज्य अंतर-जिला वॉलीबॉल चैंपियनशिप (पुरुष एवं महिला वर्ग) का आज गुरुवार काे शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों से 36 पुरुष एवं 25 महिला टीमों सहित कुल 61 टीमें हिस्सा ले रही हैं।

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के माननीय वित्त मंत्री ओपी चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल युवाओं के व्यक्तित्व विकास, अनुशासन, टीम भावना एवं आत्मविश्वास को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने एनटीपीसी लारा द्वारा खेल एवं शिक्षा के क्षेत्र में सामाजिक उत्तरदायित्व के माध्यम से किए जा रहे प्रयासों की विशेष सराहना की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा स्थानीय खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की यह पहल सराहनीय हैं। ऐसे प्रयासों से क्षेत्र के युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने और आगे बढ़ने के बेहतर अवसर मिलते हैं।

इस अवसर पर एनटीपीसी लारा के परियोजना प्रमुख सुभाष ठाकुर ने अतिथियों एवं खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए कहा कि एनटीपीसी विद्युत उत्पादन के साथ-साथ सामाजिक उत्तरदायित्व के माध्यम से क्षेत्र के सामाजिक एवं समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। शिक्षा और खेल के क्षेत्र में स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना इस दिशा में प्रमुख प्राथमिकता है।

उन्होंने बताया कि एनटीपीसी लारा द्वारा लगभग 6 करोड़ की सामाजिक उत्तरदायित्व सहायता से महलोई स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय को मॉडल स्कूल के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त ग्रामीण विद्यार्थियों के लिए जवाहर नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा की कोचिंग तथा विद्यालयों में स्मार्ट क्लास जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

खेलों को बढ़ावा देने के लिए आसपास के गांवों में क्रिकेट स्टेडियम का निर्माण तथा अंडर-15 एवं अंडर-17 राज्यस्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया है। इसी क्रम में महलोई की तीन बेटियों ने लैक्रोस में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मलेशिया में भारत का प्रतिनिधित्व कर क्षेत्र को गौरवान्वित किया है।

सुभाष ठाकुर ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता उन्हें उचित मंच, प्रशिक्षण और अवसर प्रदान करने की है। एनटीपीसी लारा इसी उद्देश्य के साथ स्थानीय युवाओं को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775918 Articles

Share this story