अमेरिका की अंतरराष्ट्रीय ब्राजीलियन जी-जित्सु प्रतियोगिता में मेहसाणा के भाग्येशकुमार ने जीता कांस्य पदक

WhatsApp Channel Join Now
अमेरिका की अंतरराष्ट्रीय ब्राजीलियन जी-जित्सु प्रतियोगिता में मेहसाणा के भाग्येशकुमार ने जीता कांस्य पदक


अमेरिका की अंतरराष्ट्रीय ब्राजीलियन जी-जित्सु प्रतियोगिता में मेहसाणा के भाग्येशकुमार ने जीता कांस्य पदक


मेहसाणा, 30 अगस्त (हि.स.)। अमेरिका के कैलिफोर्निया स्थित लॉस एंजिल्स के सेरिटोस कॉलेज में आयोजित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारत की ओर से प्रतिनिधित्व कर रहे गुजरात के मेहसाणा जिले के निवासी भाग्येशकुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम कर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का गौरव बढ़ाया।

भारत की ओर से प्रतिनिधित्व कर रहे गुजरात के मेहसाणा जिले के निवासी पांचा भाग्येशकुमार विनोदभाई का भारत से एकमात्र खिलाड़ी के रूप में चयन किया गया था। उन्होंने मास्टर-30 आयु वर्ग की जीआई स्पर्धा के 76 किलोग्राम भार वर्ग में हिस्सा लिया।

इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता का आयोजन नॉर्थ अमेरिकन में ब्राजीलियन जी-जित्सु फेडरेशन (एनएबीजेजे) ने किया। प्रतियोगिता में दुनिया के विभिन्न देशों के खिलाड़ियों ने अलग-अलग आयु वर्ग और वजन वर्ग में हिस्सा लेकर अपने देशों का प्रतिनिधित्व किया।

भाग्येशकुमार की इस उपलब्धि से मेहसाणा जिले सहित पूरे गुजरात के खेलप्रेमियों में गर्व और खुशी की लहर है। उनकी सफलता पर परिवारजनों, मित्रों, खेल जगत से जुड़े पदाधिकारियों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए आगामी प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे

Share this story