बेंगलुरु एफसी की नजर जीत के साथ आईएसएल आगाज पर, उद्घाटन मैच की मेजबानी करेगा

WhatsApp Channel Join Now
बेंगलुरु एफसी की नजर जीत के साथ आईएसएल आगाज पर, उद्घाटन मैच की मेजबानी करेगा


बेंगलुरु, 08 अक्टूबर (हि.स.)। बेंगलुरु एफसी शनिवार को श्री कांतीरवा स्टेडियम में स्पोर्टिंग क्लब दिल्ली के खिलाफ मुकाबले से 2026-27 एमजी इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) अभियान की शुरुआत करेगा। लीग का पहला मुकाबला होने के साथ ही बेंगलुरु पहली बार आईएसएल के उद्घाटन मैच की मेजबानी करेगा।

पिछले सत्र में 13 मैचों में छह जीत, पांच ड्रॉ और दो हार के साथ 23 अंक जुटाकर चौथे स्थान पर रही बेंगलुरु की टीम जीत के साथ नए सत्र का आगाज करना चाहेगी। उसने पिछले अभियान का अंत चेन्नईयिन एफसी को 2-1 से हराकर किया था।

टीम में इस बार स्पेन के बोरजा मार्टिनेज, पुर्तगाल के सैंड्रो एम्बालो, अर्जेंटीना के मैनुएल डी इरियोन्डो, नीदरलैंड्स के मेन्नो कोच और मोंटेनेग्रो के मिहाइलो पेरोविच जैसे विदेशी खिलाड़ी जुड़े हैं। वहीं सोहम वर्षनेया, विनित वेंकटेश और हर्ष पालांडे के करार बढ़ाए गए हैं। कप्तान सुनील छेत्री भी टीम के साथ बने हुए हैं।

मुख्य कोच पेप मुनोज के लिए यह क्लब के साथ पहला पूर्ण सत्र है। उन्होंने कहा कि टीम लंबे प्री-सीजन के बाद मुकाबले के लिए तैयार है और घरेलू मैदान पर समर्थकों के सामने सकारात्मक शुरुआत करना चाहती है। मिडफील्डर सुरेश वांगजम ने भी मजबूत शुरुआत का लक्ष्य जताया।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story