बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने मोनजुरुल इस्लाम पर लगाया प्रतिबंध, जहांआरा आलम के आरोपों के बाद कार्रवाई

WhatsApp Channel Join Now
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने मोनजुरुल इस्लाम पर लगाया प्रतिबंध, जहांआरा आलम के आरोपों के बाद कार्रवाई


ढांका, 22 फरवरी (हि.स.)। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) ने पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर और महिला टीम के पूर्व चयनकर्ता मोनजुरुल इस्लाम को अपने अधिकार क्षेत्र के अंतर्गत किसी भी प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष क्रिकेट गतिविधि में शामिल होने से प्रतिबंधित कर दिया है। यह फैसला पूर्व बांग्लादेश महिला कप्तान जहांआरा आलम द्वारा लगाए गए यौन उत्पीड़न के आरोपों की जांच के बाद लिया गया।

बीसीबी की ओर से यह घोषणा शेर-ए-बांग्ला नेशनल क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित बोर्ड बैठक के बाद की गई। बोर्ड ने एक स्वतंत्र जांच समिति गठित की थी, जिसने 2022 विश्व कप के दौरान कथित यौन उत्पीड़न से जुड़ी शिकायत की जांच की।

जांच समिति ने जहांआरा आलम द्वारा लगाए गए चार आरोपों की समीक्षा की। इनमें से दो आरोप पर्याप्त साक्ष्य के अभाव में सिद्ध नहीं हो सके, जबकि शेष दो मामलों में प्रथम दृष्टया अनुचित आचरण के प्रमाण पाए गए। समिति ने अपने निष्कर्ष में कहा कि इस्लाम का व्यवहार पेशेवर मानकों के अनुरूप नहीं था और वह प्रासंगिक सुप्रीम कोर्ट दिशानिर्देशों के तहत दुराचार और उत्पीड़न की श्रेणी में आता है।

मोनजुरुल इस्लाम महिला टीम के चयनकर्ता और प्रबंधक के रूप में कार्य कर चुके हैं। उनका बीसीबी के साथ अनुबंध 30 जून 2025 को समाप्त हो चुका था।

बीसीबी ने अपने बयान में कहा कि स्वतंत्र जांच समिति की रिपोर्ट के आधार पर इस्लाम को बीसीबी के अधिकार क्षेत्र में आने वाली सभी क्रिकेट संबंधी गतिविधियों से प्रतिबंधित करने का निर्णय लिया गया है। बोर्ड ने यह भी स्पष्ट किया कि समिति की सिफारिशों की समीक्षा जारी है और आवश्यक होने पर अतिरिक्त कदम उठाए जाएंगे।

इस बैठक में बोर्ड ने 2026 में आयोजित होने वाली महिला बांग्लादेश प्रीमियर लीग के पहले संस्करण के कार्यक्रम को भी मंजूरी दी। यह टूर्नामेंट 4 से 14 अप्रैल 2026 तक ढाका और चट्टोग्राम में आयोजित किया जाएगा।

साथ ही, बीसीबी ने राष्ट्रीय चयन पैनल के अध्यक्ष गाजी अशरफ हुसैन के कार्यकाल में एक महीने का विस्तार करने की भी पुष्टि की। उनका कार्यकाल 28 फरवरी को समाप्त होना था। बोर्ड ने कहा कि इस दौरान उनके उत्तराधिकारी की तलाश और चयन पैनल के पुनर्गठन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story