बरपेटा ब्रेव्स ने जीता पहला असम प्रीमियर लीग खिताब

WhatsApp Channel Join Now
बरपेटा ब्रेव्स ने जीता पहला असम प्रीमियर लीग खिताब


बरपेटा ब्रेव्स ने जीता पहला असम प्रीमियर लीग खिताब


गुवाहाटी, 23 अगस्त (हि.स.)। बरपेटा ब्रेव्स ने रविवार की रात गुवाहाटी के असम क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेले गए फाइनल में गुवाहाटी रॉयल्स को पांच विकेट से हराकर पहली इंपीरियल ब्लू पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर असम प्रीमियर लीग (एपीएल) का खिताब अपने नाम कर लिया।

166 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए बरपेटा ब्रेव्स ने 18.5 ओवर में पांच विकेट पर 166 रन बनाकर जीत दर्ज की। अरुण सोनार ने 20 गेंदों पर नाबाद 34 रन की निर्णायक पारी खेली। सौरव मौसुम दिहिंगिया ने 16 गेंदों पर 33 और ऋषिकेश दास ने 32 गेंदों पर 35 रन बनाए। अभिलाष मौर्य ने भी 20 गेंदों पर 24 रन का योगदान दिया।

इससे पहले गुवाहाटी रॉयल्स ने 19.4 ओवर में 165 रन बनाए। रोहित सेन ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए महज 37 गेंदों पर 90 रन बनाए, जिसमें 10 चौके और छह छक्के शामिल थे। कप्तान ऋषव दास ने 34 रन बनाए।

बरपेटा की ओर से प्रांजल पॉल ने 18 रन देकर दो विकेट लिए, जबकि शुभम कुमार गुप्ता और दीपज्योति सैकिया ने भी दो-दो विकेट चटकाए।

बरपेटा की टीम एक समय 99 रन पर चार विकेट गंवा चुकी थी, लेकिन सोनार और मौर्य ने 59 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी कर टीम को जीत के करीब पहुंचाया। इसके बाद सोनार ने कप्तान कुणाल शर्मा के साथ मिलकर टीम को लक्ष्य तक पहुंचा दिया।

गुवाहाटी के बास्तव रॉय ने एक विकेट लिया और पूरे टूर्नामेंट में 23 विकेट लेकर पर्पल कैप हासिल की। वहीं रोहित सेन 543 रन के साथ ऑरेंज कैप के विजेता बने। उन्हें इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट भी चुना गया। बास्तव रॉय को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का पुरस्कार मिला, जबकि नगांव रेंजर्स के अल्ताफ आलम को कैच ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया।

संक्षिप्त स्कोर:

गुवाहाटी रॉयल्स: 165 रन, 19.4 ओवर (रोहित सेन 90, ऋषव दास 34; प्रांजल पॉल 2/18, शुभम कुमार गुप्ता 2/36, दीपज्योति सैकिया 2/36)।

बरपेटा ब्रेव्स: 166/5, 18.5 ओवर (अरुण सोनार 34 नाबाद, ऋषिकेश दास 35, सौरव मौसूम दिहिंगिया 33; बास्तव रॉय 1/25, दीपक गोहाईं 1/17)।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

Share this story