बरेली में 30 मार्च से शुरू होगी 54वीं राष्ट्रीय सीनियर महिला हैंडबॉल प्रतियोगिता
बरेली, 29 मार्च (हि.स.) । शहर एक बार फिर राष्ट्रीय खेल आयोजन का केंद्र बनने जा रहा है। जिला ओलंपिक संघ, बरेली के तत्वावधान में 30 मार्च से 3 अप्रैल तक 54वीं राष्ट्रीय सीनियर महिला हैंडबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और शहर में खेल प्रेमियों के बीच खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
केंद्र और राज्य सरकार की खेल नीतियों के चलते देश में खेल संस्कृति को लगातार बढ़ावा मिल रहा है। आधुनिक संसाधनों और बेहतर सुविधाओं के कारण खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने के अवसर मिल रहे हैं। इसी क्रम में बरेली को एक बार फिर इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता की मेजबानी मिली है, जिसे जिले के लिए गर्व की बात माना जा रहा है।
प्रेस वार्ता में उत्तर प्रदेश ओलंपिक संघ के महासचिव एवं हैंडबॉल एसोसिएशन ऑफ इंडिया के कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. आनंदेश्वर पांडे ने बताया कि प्रतियोगिता का आवंटन बरेली को बेहद कम समय में मिला। इसके बावजूद स्थानीय संगठन ने चुनौती को स्वीकार करते हुए सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी कर लीं। उन्होंने कहा कि बरेली की खेल प्रेमी जनता का उत्साह खिलाड़ियों के प्रदर्शन को और बेहतर बनाएगा।
कार्यक्रम संयोजक एवं जिला ओलंपिक संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष मुकेश गुप्ता ने बताया कि आयोजन को सफल बनाने में शहरवासियों का भरपूर सहयोग मिल रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि बरेली इस बड़े आयोजन के लिए पूरी तरह तैयार है। प्रतियोगिता का उद्घाटन 30 मार्च को अपराह्न तीन बजे फ्यूचर यूनिवर्सिटी परिसर में होगा, जबकि समापन समारोह 3 अप्रैल को आयोजित किया जाएगा।
जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष डॉ. आशीष गुप्ता ने कहा कि बरेली को लगातार इस स्तर की प्रतियोगिताओं की मेजबानी मिलना शहर की खेल क्षमता और संगठनात्मक दक्षता का प्रमाण है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2021 और 2023 में भी बरेली इस प्रतियोगिता का सफल आयोजन कर चुका है। इस बार आयोजन को और अधिक बेहतर और अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
खिलाड़ियों की सुविधाओं को लेकर भी विशेष ध्यान दिया गया है। फ्यूचर कॉलेज परिसर में उनके ठहरने, भोजन और चिकित्सा की उत्कृष्ट व्यवस्था की गई है। आयोजन समिति ने इसके लिए कॉलेज प्रबंधन का आभार व्यक्त किया है।
जिला ओलंपिक संघ के कोषाध्यक्ष डॉ. स्वतंत्र कुमार ने बताया कि प्रतियोगिता को भव्य और सुरक्षित बनाने के लिए सभी जरूरी इंतजाम किए गए हैं। खिलाड़ियों को यहां सकारात्मक और यादगार अनुभव मिले, इसके लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। उन्होंने बताया कि समापन समारोह में करीब 10 हजार दर्शकों के पहुंचने की संभावना है, जिसके मद्देनजर सुरक्षा और व्यवस्थाओं को मजबूत किया गया है।
मीडिया प्रभारी अंकुर किशोर सक्सेना ने बताया कि प्रतियोगिता के दौरान मीडिया के लिए हर स्थल पर मीडिया सेंटर बनाए गए हैं, ताकि पत्रकारों को त्वरित और सटीक जानकारी मिल सके। इसके साथ ही शहर के प्रमुख स्थानों पर आकर्षक सेल्फी प्वाइंट भी तैयार किए गए हैं, जो बरेली की सांस्कृतिक पहचान को दर्शाएंगे।
उन्होंने उम्मीद जताई कि यह आयोजन न केवल बरेली के गौरव को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा, बल्कि शहर को देश के खेल मानचित्र पर एक मजबूत पहचान भी दिलाएगा।
इस प्रतियोगिता में देश के 27 राज्यों की टीमें हिस्सा लेंगी, जिनमें करीब 600 खिलाड़ी भाग लेंगे। यह आयोजन खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा मंच प्रदान करेगा और बरेली के खेल वातावरण को नई ऊर्जा देगा।
प्रेस वार्ता में वन मंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना, फ्यूचर विश्वविद्यालय के कुलाधिपति मुकेश गुप्ता, जिला ओलंपिक संघ के संरक्षक धर्मेंद्र गुप्ता, महासचिव फसील बेग, वरिष्ठ उपाध्यक्ष दिनेश गोयल, अनिल अग्रवाल, सुनील गुप्ता, संयुक्त महासचिव भावेश अग्रवाल, उपाध्यक्ष अभिनव अग्रवाल, सौरभ अग्रवाल, सह कोषाध्यक्ष अंकित अग्रवाल, हरदीप ओबेरॉय और मीडिया समन्वयक अंकुर किशोर सक्सेना सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / देश दीपक गंगवार

