भुवनेश्वर टाइगर्स ने केओंझर माइनर्स को सात रन से हराया, बारिश बनी मैच में बड़ी चुनौती

WhatsApp Channel Join Now
भुवनेश्वर टाइगर्स ने केओंझर माइनर्स को सात रन से हराया, बारिश बनी मैच में बड़ी चुनौती


भुवनेश्वर टाइगर्स ने केओंझर माइनर्स को सात रन से हराया, बारिश बनी मैच में बड़ी चुनौती


कटक, 21 सितंबर (हि.स.)। भुवनेश्वर टाइगर्स ने सोमवार को बाराबती स्टेडियम में बारिश से प्रभावित भारत मसाला ओडिशा टी20 लीग-सीएम ट्रॉफी मुकाबले में केओंझर माइनर्स को डकवर्थ-लुईस-स्टर्न (डीएलएस) पद्धति से सात रन से हराया।

गीले मैदान के कारण मुकाबले को पहले 15-15 ओवर का किया गया। भुवनेश्वर टाइगर्स ने इसके बाद सात ओवर में तीन विकेट पर 64 रन बनाए, लेकिन बारिश ने फिर खेल रोक दिया। इसके बाद केओंझर के लिए लक्ष्य को घटाकर चार ओवर में 48 रन कर दिया गया।

भुवनेश्वर के कप्तान और सलामी बल्लेबाज स्वस्तिक सामल ने महज 18 गेंदों में 42 रन की आक्रामक पारी खेलकर टीम को तेज शुरुआत दिलाई। उन्होंने विपक्षी गेंदबाजों पर लगातार दबाव बनाया, हालांकि पारी को ज्यादा आगे नहीं ले जा सके।

केओंझर की ओर से विमल कुमार सबसे सफल गेंदबाज रहे और उन्होंने एक ओवर में आठ रन देकर दो विकेट लिए। जोगेश्वर बाग ने भी एक विकेट हासिल किया।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी केओंझर माइनर्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही। क्षमा एस. बाल छह गेंदों में तीन रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद राजेश धुपम और कप्तान सुभ्रांशु सेनापति ने 20 रन की साझेदारी कर टीम की उम्मीदें बनाए रखीं। सेनापति 9 गेंदों में 11 रन बनाकर आउट हुए।

अंतिम ओवर में केओंझर को जीत के लिए 18 रन चाहिए थे। भुवनेश्वर ने गेंद बाएं हाथ के स्पिनर बादल बिस्वाल को सौंपी। बिस्वाल ने दबाव के बीच संयम बनाए रखा और टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। उनके प्रभावी अंतिम ओवर के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

बिस्वाल को भारत मसाला के निदेशक श्रीमंत पांडा ने पुरस्कार प्रदान किया, जबकि स्वस्तिक सामल को ‘मोमेंट ऑफ द मैच’ का पुरस्कार राउरकेला सुपरस्टार्स के प्रतिनिधि लव मलिक ने दिया।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story