राष्ट्रीय अंडर-18 वॉलीबॉल टीम में चयनित हुए कुशल सिंह 'तरंग', चीन में लहराएंगे अयोध्या का परचम

WhatsApp Channel Join Now
राष्ट्रीय अंडर-18 वॉलीबॉल टीम में चयनित हुए कुशल सिंह 'तरंग', चीन में लहराएंगे अयोध्या का परचम


राष्ट्रीय अंडर-18 वॉलीबॉल टीम में चयनित हुए कुशल सिंह 'तरंग', चीन में लहराएंगे अयोध्या का परचम


अयोध्या, 10 जुलाई (हि.स.)। अयोध्या जिले के लिए गर्व की बात है कि हैरिंग्टनगंज ब्लॉक के ग्राम मलेथू खुर्द निवासी कुशल सिंह उर्फ 'तरंग', पुत्र शंभूनाथ सिंह, का भारतीय अंडर-18 राष्ट्रीय वॉलीबॉल टीम में चयन हुआ है। वह चीन में आयोजित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता (असम कप/यू-18 प्रतियोगिता) में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए चीन रवाना हो गए हैं।

कुशल सिंह का राष्ट्रीय टीम में चयन उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और उत्कृष्ट खेल प्रतिभा का परिणाम है। हाल ही में राष्ट्रीय चयन प्रक्रिया के बाद उन्हें भारतीय टीम में स्थान मिला है, जिसके बाद क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है। भारतीय अंडर-18 टीम के लिए चयनित खिलाड़ियों की सूची में भी उनका नाम शामिल है।

कुशल की इस उपलब्धि से न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे मलेथू खुर्द, हैरिंग्टनगंज, मिल्कीपुर तथा जनपद अयोध्या का नाम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित हुआ है। उनके चीन रवाना होने की खबर मिलते ही क्षेत्रवासियों, खेल प्रेमियों और शुभचिंतकों ने उन्हें उज्ज्वल प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दी हैं।

पलिया लोहानी के ग्राम प्रधान अभिषेक भद्र सिंह का कहना है कि कुशल सिंह की सफलता ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी और इससे अन्य खिलाड़ियों का भी खेलों के प्रति उत्साह बढ़ेगा। सभी को उम्मीद है कि वह चीन में शानदार प्रदर्शन कर देश और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे। मलेथू बुजुर्ग के पूर्व प्रधान गोपाल सिंह, शिक्षक नेता दिनेश सिंह सहित ग्रामीणों नें कुशल सिंह को बधाई दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय

Share this story