असम प्रीमियर लीग का शुभारंभ, मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने लोगो और ट्रॉफी का किया अनावरण

WhatsApp Channel Join Now
असम प्रीमियर लीग का शुभारंभ, मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने लोगो और ट्रॉफी का किया अनावरण


असम प्रीमियर लीग का शुभारंभ, मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने लोगो और ट्रॉफी का किया अनावरण


गुवाहाटी, 21 जून, (हि.स.)। असम क्रिकेट संघ (एसीए) ने रविवार को बरसापारा स्थित एसीए स्टेडियम के 91 यार्ड्स क्लब ऑडिटोरियम में असम प्रीमियर लीग (एपीएल) का आधिकारिक शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने लीग के आधिकारिक लोगो, ट्रॉफी तथा भाग लेने वाली टीमों की पहचान का अनावरण किया।

कार्यक्रम में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के मानद सचिव देवजीत लोन सैकिया, एसीए अध्यक्ष तरंग गोगोई, सचिव सनातन दास, विभिन्न फ्रेंचाइजी मालिकों, प्रशासकों और क्रिकेट जगत से जुड़े गणमान्य लोग उपस्थित रहे। एसीए ने इसे राज्य के क्रिकेटरों के लिए एक संगठित और स्वदेशी प्रतिस्पर्धी मंच की शुरुआत बताया।

कार्यक्रम की शुरुआत असम प्रीमियर लीग के अध्यक्ष राजदीप ओझा के स्वागत भाषण से हुई। उन्होंने लीग की परिकल्पना पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह प्रतियोगिता उभरते क्रिकेटरों को पेशेवर अवसर प्रदान करने और राज्य में घरेलू क्रिकेट के स्तर को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

एपीएल के पहले संस्करण में आठ टीमें हिस्सा लेंगी, जिनमें जोरहाट स्टैलियंस, तेजपुर टाइटंस, डिब्रूगढ़ वॉरियर्स, बराक लीजेंड्स, नगांव रेंजर्स, बरपेटा ब्रेव्स, गुवाहाटी रॉयल्स और चराइदेव सनराइजर्स शामिल हैं। प्रतियोगिता के मैचों का सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स पर किया जाएगा, जबकि जियोहॉटस्टार पर इसकी लाइव स्ट्रीमिंग होगी।

समारोह का एक प्रमुख आकर्षण लीग के उद्घाटन संस्करण में भाग लेने वाली आठ फ्रेंचाइजी टीमों की आधिकारिक घोषणा रहा। इन टीमों में जोरहाट स्टैलियंस, तेजपुर टाइटंस, डिब्रूगढ़ वॉरियर्स, बराक लीजेंड्स, नगांव रेंजर्स, बरपेटा ब्रेव्स, गुवाहाटी रॉयल्स तथा चराइदेव सनराइजर्स शामिल हैं। ये सभी टीमें असम प्रीमियर लीग के पहले संस्करण में खिताब के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगी।

मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने कहा कि असम के लोगों के दिलों में क्रिकेट का विशेष स्थान है और असम प्रीमियर लीग राज्य में क्रिकेट के लिए एक नए युग की शुरुआत है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह लीग युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देने के साथ आने वाले वर्षों में देश की प्रभावशाली राज्य स्तरीय लीगों में शामिल होगी।

बीसीसीआई के मानद सचिव देवजीत सैकिया ने कहा कि मजबूत घरेलू क्रिकेट के विकास के लिए इस तरह की पेशेवर राज्य स्तरीय लीग अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने एसीए की इस पहल की सराहना करते हुए सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं। साथ ही मुख्यमंत्री के नेतृत्व और खेल क्षेत्र में असम को नई पहचान दिलाने के प्रयासों की भी प्रशंसा की।

एसीए ने बताया कि लोगो, ट्रॉफी और फ्रेंचाइजी पहचान का अनावरण लीग के पहले चरण की महत्वपूर्ण उपलब्धि है। खिलाड़ियों की नीलामी, मैच कार्यक्रम और अन्य व्यवस्थाओं से संबंधित घोषणाएं आने वाले सप्ताहों में की जाएंगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

Share this story