एशियाई खेलों से पहले परिवहन व्यवस्था चरमराई, एयरपोर्ट के पास घंटों फंसे खिलाड़ी

WhatsApp Channel Join Now

नागोया (जापान), 16 सितंबर (हि.स.)। आइची-नागोया एशियाई खेलों के शुरू होने से पहले बुधवार को परिवहन व्यवस्था में आई तकनीकी और समन्वय संबंधी समस्या के कारण विभिन्न देशों के कई खिलाड़ी और अधिकारी घंटों तक एयरपोर्ट के पास फंसे रहे। चूबू सेंट्रैर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से सटे आइची स्काई एक्सपो में खिलाड़ियों को आधिकारिक आवास तक पहुंचाने वाली शटल बसों की व्यवस्था प्रभावित हुई।

रिपोर्ट के अनुसार, आयोजन स्थल पर बड़ी संख्या में खिलाड़ियों की जानकारी सिस्टम में उपलब्ध नहीं होने के कारण कई दल निर्धारित बसों में सवार नहीं हो सके। इस समस्या को लेकर आयोजकों की ओर से तत्काल कोई स्पष्ट आधिकारिक कारण नहीं बताया गया।

चीन के कई राष्ट्रीय दलों के सदस्य करीब दोपहर 12:15 बजे एयरपोर्ट पहुंचे, लेकिन कुछ खिलाड़ियों की जानकारी सिस्टम में नहीं मिलने के कारण उन्हें बसें नहीं मिल सकीं। चीन की जिम्नास्टिक टीम के 21 में से केवल दो सदस्यों का विवरण सिस्टम में दिखाई दिया, जिसके चलते पूरी टीम को इंतजार करना पड़ा।

चीन की बैडमिंटन टीम ने सार्वजनिक बसों से जाने की कोशिश की, लेकिन सभी सदस्यों के लिए टिकट उपलब्ध नहीं हो सके। बाद में नागोया स्थित चीनी महावाणिज्य दूतावास के कर्मचारियों ने स्थानीय चीनी समुदाय की मदद से निजी वाहन और चार्टर्ड परिवहन की व्यवस्था की। पूरी टीम शाम करीब 4:30 बजे आयोजन स्थल से रवाना हो सकी।

चीन की टेबल टेनिस, वुशु और रोइंग टीमों के कुछ सदस्य शाम पांच बजे के आसपास आधिकारिक बसों से रवाना हुए। वहीं, कजाकिस्तान की शूटिंग टीम ने भी दो घंटे से अधिक समय तक इंतजार किया।

श्रीलंकाई दल के एक अधिकारी ने बताया कि घर से रवाना होने के बाद यात्रा और इंतजार का कुल समय करीब 24 घंटे तक पहुंच गया था। इस दौरान आयोजन स्थल पर खिलाड़ियों के लिए केवल पीने के पानी की व्यवस्था थी और भोजन उपलब्ध नहीं था।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story