एशियाई खेलों में स्वर्ण पर भारत की नजर, कबड्डी खिलाड़ी देवांक बोले- उन्हें यह करना ही होगा

WhatsApp Channel Join Now
एशियाई खेलों में स्वर्ण पर भारत की नजर, कबड्डी खिलाड़ी देवांक बोले- उन्हें यह करना ही होगा


एशियाई खेलों में स्वर्ण पर भारत की नजर, कबड्डी खिलाड़ी देवांक बोले- उन्हें यह करना ही होगा


नई दिल्ली, 19 सितंबर (हि.स.)। भारतीय पुरुष कबड्डी टीम 2026 एशियाई खेलों में देश का प्रतिनिधित्व करने के लिए तैयार है। टीम के खिलाड़ी असलम इनामदार और पदार्पण कर रहे देवांक दलाल ने कहा है कि टीम एक बार फिर स्वर्ण पदक घर लाने के लिए दृढ़ संकल्पित है। देवांक ने कहा कि टीम ने उन्हें चुना है, तो उन्हें यह करना ही होगा।

भारतीय पुरुष टीम एशियाई खेलों में अपने अभियान की शुरुआत 21 सितंबर को मेजबान जापान के खिलाफ करेगी। इसके बाद टीम 22 सितंबर को दक्षिण कोरिया, 23 सितंबर को बांग्लादेश और 24 सितंबर को चीनी ताइपे से भिड़ेगी। सेमीफाइनल मुकाबले 25 सितंबर को होंगे, जबकि स्वर्ण पदक का मुकाबला 26 सितंबर को खेला जाएगा। भारत ग्रुप ए में है।

देवांक दलाल की एशियाई खेलों में पहली उपस्थिति है। प्रो कबड्डी लीग (पीकेएल) सीजन 12 में 271 रेड पॉइंट्स के साथ दूसरे सबसे ज्यादा अंक हासिल करने वाले रेडर दलाल ने कहा कि भारतीय टीम में चयन के बाद उनकी जिम्मेदारी बढ़ गई है।

देवांक ने एक बयान में कहा कि यह मेरा पहला एशियाई खेल है। मैं अपने लिए, अपने परिवार और अपने कोच के लिए खुश हूं। मैं सभी के लिए खुश हूं। अब जब मैं जा रहा हूं, तो मेरी जिम्मेदारियां बढ़ गई हैं। मुझे भारत के लिए स्वर्ण पदक लाना होगा। अगर भारत ने मुझे चुना है, तो मुझे यह करना ही होगा।

23 वर्षीय खिलाड़ी का मानना है कि भारतीय टीम से जुड़ी उम्मीदों को दबाव के रूप में नहीं, बल्कि जिम्मेदारी के रूप में देखा जाना चाहिए। आपको दबाव लेने की जरूरत नहीं है। दबाव और जिम्मेदारी दो अलग-अलग चीजें हैं। यहां सिर्फ जिम्मेदारी है, दबाव नहीं। हम नहीं मानते कि दबाव जैसी कोई चीज होती है। अगर आप दबाव लेंगे, तो खेल नहीं पाएंगे। अगर खेलेंगे नहीं, तो भारत कैसे जीतेगा? हम बिना दबाव के खेलेंगे और जीतेंगे।

2022 एशियाई खेलों में भारत की स्वर्ण पदक विजेता टीम का हिस्सा रहे असलम इनामदार का मानना है कि मौजूदा टीम ने प्रो कबड्डी लीग और राष्ट्रीय शिविरों के दौरान साथ खेलने से अच्छी टीम बॉन्डिंग विकसित की है।

इनामदार ने कहा, “टीम के साथ बहुत अच्छी बॉन्डिंग है। ये सभी हमारे स्टार खिलाड़ी हैं। हमें पीकेएल में बहुत अच्छा अनुभव मिला है। उन्होंने पीकेएल में बहुत अच्छा खेल दिखाया है। भारतीय टीम में अच्छी बॉन्डिंग है।”

इनामदार ने अनुभवी खिलाड़ियों की भूमिका पर भी जोर दिया, जो टीम के युवा खिलाड़ियों को उनके पहले अंतरराष्ट्रीय अभियान में आत्मविश्वास के साथ खेलने में मदद कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि आयान, अंकित, राहुल जैसे युवा खिलाड़ियों के पास पीकेएल और नेशनल्स का काफी अनुभव है लेकिन अंतरराष्ट्रीय मैच थोड़ा अलग होता है। इसलिए निरंतरता बहुत महत्वपूर्ण है। उन्हें कहा जाता है कि वे खुले दिमाग से खेलें, देश का प्रतिनिधित्व करने पर गर्व महसूस करें और स्वर्ण पदक के लिए पूरी ताकत से लड़ें।

2026 एशियाई खेलों के लिए भारतीय पुरुष कबड्डी टीम

सुनील कुमार (कप्तान), पवन सहरावत, अंकित जगलान, असलम इनामदार, आशु मलिक, अयान लोहचब, देवांक दलाल, अर्जुन देशवाल, जयदीप दहिया,

राहुल सेठपाल, गौरव खत्री, सुमित सांगवान।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह

Share this story