आयरलैंड महिला टीम की ऑलराउंडर अर्लीन केली ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास का ऐलान किया

WhatsApp Channel Join Now
आयरलैंड महिला टीम की ऑलराउंडर अर्लीन केली ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास का ऐलान किया


नई दिल्ली, 06 सितंबर (हि.स.)। आयरलैंड महिला टीम की ऑलराउंडर अर्लीन केली ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर दी है। इंग्लैंड महिला टीम के खिलाफ वॉर्सेस्टर (इंग्लैंड) में रविवार को खेला जा रहा तीसरा वनडे मैच उनका आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच है।

32 वर्षीय केली ने जून, 2022 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया था और आयरलैंड के लिए सभी फॉर्मेट में 110 मैच खेले, जिससे वह टीम की सबसे भरोसेमंद खिलाड़ियों में से एक बन गईं। उन्होंने आयरलैंड के लिए 136 विकेट के साथ अपना करियर खत्म किया। केली ने बल्ले से भी अच्छा योगदान दिया और व्हाइट-बॉल क्रिकेट में 600 से अधिक रन बनाए।

क्रिकेट आयरलैंड की ओर से जारी बयान में केली ने कहा कि पिछले साढ़े चार वर्षों में आयरलैंड का प्रतिनिधित्व करना मेरे लिए बहुत बड़े सम्मान की बात रही है और मैं खुशकिस्मत रही हूं कि मुझे मैदान के अंदर और बाहर दोनों जगह कई अद्भुत यादें बनाने का मौका मिला है। अब खेल से संन्यास लेने और अपने परिवार व दोस्तों के पास रहने के लिए न्यूजीलैंड लौटने का सही समय आ गया है।

उन्होंने आगे कहा कि मैं क्रिकेट आयरलैंड, अपने सभी कोचों और अपनी टीम की साथियों का शुक्रिया अदा करना चाहती हूं। आप लोगों ने मेरा खुले दिल से स्वागत किया और मुझे वैसा ही रहने दिया जैसी मैं हूं। इस ड्रेसिंग रूम का हिस्सा बनना मेरे लिए बहुत खास रहा है और मुझे पता है कि यह ग्रुप बहुत कुछ हासिल करने की काबिलियत रखता है। मैं टीम को लगातार फॉलो करती रहूंगी और समर्थन करती रहूंगी।

आयरलैंड की कप्तान गैबी लुईस ने केली की तारीफ करते हुए कहा कि वह ऐसी खिलाड़ी हैं, जिन पर टीम हमेशा भरोसा कर सकती थी। उन्होंने कहा कि पिछले चार वर्षों में अर्लीन हमारी टीम का एक बहुत खास हिस्सा बन गई थीं। उन्होंने मैदान के अंदर और बाहर, दोनों ही जगह हमें बहुत कुछ दिया है और वह ऐसी इंसान रही हैं जिन पर हम हमेशा भरोसा कर सकते थे।

लुईस ने कहा कि हम जानते हैं कि इतने लंबे समय तक अपने परिवार से दूर रहना उनके लिए कितना मुश्किल रहा है। भले ही हमें उनकी बहुत याद आएगी, लेकिन हम इस बात से बहुत खुश हैं कि वह घर लौट रही हैं और अपने चाहने वालों के करीब जा रही हैं। पिछले चार साल में उन्होंने हमें जो कुछ भी दिया है, उसके लिए हम अर्लीन का जितना भी शुक्रिया अदा करें, कम है। उन्होंने हमारी टीम पर अपनी गहरी छाप छोड़ी है और वह हमेशा हमारी आयरिश क्रिकेट फैमिली का एक अहम हिस्सा रहेंगी। हम उनके भविष्य के लिए उन्हें शुभकामनाएं देते हैं। ---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह

Share this story