एशियन गेम्स : महिलाओं की निशानेबाजी में इलावेनिल ने 10 मीटर एयर राइफल में जीता रजत

WhatsApp Channel Join Now
एशियन गेम्स : महिलाओं की निशानेबाजी में इलावेनिल ने 10 मीटर एयर राइफल में जीता रजत


नागोया (जापान), 20 सितंबर (हि.स.)। भारतीय निशानेबाज इलावेनिल वलारिवन ने रविवार को एशियन गेम्स-2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल व्यक्तिगत स्पर्धा में रजत पदक अपने नाम किया। फाइनल में इलावेनिल ने 252.4 अंक हासिल किए और लंबे समय तक स्वर्ण पदक की दौड़ में सबसे आगे बनी रहीं। हालांकि, अंतिम चरण में मेजबान जापान की हिनाता ताइची ने वापसी करते हुए 253 अंक के साथ स्वर्ण पदक जीता।

हिनाता ताइची ने 253 अंकों के साथ नया गेम्स रिकॉर्ड भी कायम किया। इलावेनिल और हिनाता के बीच स्वर्ण पदक के लिए मुकाबला बेहद रोमांचक रहा और दोनों के स्कोर में सिर्फ 0.6 अंक का अंतर रहा। दक्षिण कोरिया की ह्यो-जिन बान ने 230.4 अंक हासिल कर कांस्य पदक जीता।

फाइनल मुकाबले में इलावेनिल वलारिवन ने शुरुआत से ही शानदार निशानेबाजी की। उन्होंने लगातार सटीक शॉट लगाते हुए शुरुआती दौर में बढ़त बनाई और काफी समय तक शीर्ष स्थान पर बनी रहीं। उनके प्रदर्शन को देखकर स्वर्ण पदक की उम्मीद मजबूत हो गई थी। मुकाबला जैसे-जैसे अंतिम चरण में पहुंचा, दबाव बढ़ता गया। इलावेनिल ने अपनी स्थिति मजबूत बनाए रखी, लेकिन आखिरी पलों में जापान की हिनाता ताइची ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए बढ़त हासिल कर ली। ताइची ने 253 अंकों के साथ पहला स्थान हासिल किया, जबकि इलावेनिल 252.4 अंक के साथ दूसरे स्थान पर रहीं।

सोनम मस्कर छठे स्थान पर रहींभारत की सोनम मस्कर ने महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल व्यक्तिगत स्पर्धा में निराश किया। उन्होंने फाइनल में 167.0 अंक हासिल किए और छठे स्थान पर रहीं। क्वालीफिकेशन में तीसरे स्थान पर रहने के बाद सोनम से भी पदक की उम्मीद थी, लेकिन फाइनल में वह शीर्ष तीन में जगह नहीं बना सकीं।

भारत का दूसरा पदक यह भारत का एशियन गेम्स 2026 में दूसरा पदक है। वहीं, इलावेनिल का भी इस एशियन गेम्स 2026 में दूसरा पदक है। इससे पहले उन्होंने आज ही महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल टीम स्पर्धा में भी रजत पदक जीता था। उस स्पर्धा में इलावेनिल ने सोनम मस्कर और विदर्सा विनोद के साथ मिलकर भारत को पदक दिलाया। इस तरह निशानेबाजी एक बार फिर भारत के पदक अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती नजर आ रही है।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह

Share this story