एशियन गेम्स में भारतीय पुरुष हॉकी टीम की धमाकेदार शुरुआत, इंडोनेशिया को 13-1 से हराया

WhatsApp Channel Join Now
एशियन गेम्स में भारतीय पुरुष हॉकी टीम की धमाकेदार शुरुआत, इंडोनेशिया को 13-1 से हराया


काकामिगाहारा (जापान), 20 सितंबर (हि.स.)। भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने एशियन गेम्स-2026 में अपने अभियान का आगाज जीत के साथ किया है। भारतीय टीम ने रविवार को पूल ए के मुकाबले में इंडोनेशिया को 13-1 से करारी शिकस्त दी।

गिफू प्रिफेक्चरल ग्रीन स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में भारत ने शुरुआत से ही दबदबा बनाए रखा। मुकाबले में भारत की ओर से आठ अलग-अलग खिलाड़ियों ने गोल किए। दिलप्रीत सिंह सबसे बड़े स्टार रहे। उन्होंने अकेले चार गोल दागे।

मुकाबले में भारतीय टीम को छठे मिनट में शिलानंद लकरा ने गोल कर 1-0 से बढ़त दिलाई। इसके बाद 12वें मिनट में अभिषेक ने भारत की बढ़त दोगुनी कर दी। इंडोनेशियाई गोलकीपर ने शुरुआती दौर में भारत के कुछ प्रयासों को रोका, लेकिन भारत ने अपना दबाव कायम रखा। पहले क्वार्टर के अंत तक भारत 2-0 से आगे था।

दूसरे क्वार्टर में दिलप्रीत सिंह ने दो मिनट के भीतर दो गोल (18वें और 19वें मिनट में) करके बढ़त को 4-0 कर दिया। फिर 19वें मिनट में राजिंदर सिंह ने बेहतरीन फिनिशिंग के साथ गोल दागा और 21वें मिनट में मनदीप सिंह ने भी अपना पहला गोल किया। हरमनप्रीत सिंह ने 28वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर से एक और गोल दागा। भारत ने हाफ टाइम तक 7-0 की मजबूत बढ़त बना ली।

इंडोनेशिया ने तीसरे क्वार्टर की शुरुआत में अपना पहला गोल दागा। औलिया अल अर्द्ध ने 33वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील कर स्कोर 7-1 कर दिया। भारत ने तुरंत जवाब दिया और 35वें मिनट में शिलाानंद लकरा ने अपना दूसरा गोल दागा। इसके बाद दिलप्रीत सिंह ने अपनी हैट्रिक (37वें मिनट में) पूरी की। सुखजीत सिंह ने 38वें मिनट में गोल दागकर तीसरे क्वार्टर के अंत तक भारतीय टीम की बढ़त को 10-1 तक पहुंचा दिया।

अंतिम क्वार्टर में भी भारत ने अपना आक्रामक खेल जारी रखा। जुगराज सिंह ने 47वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर के दूसरे प्रयास को गोल में तब्दील कर दिया, जबकि उनका पहला प्रयास डिफेंडर द्वारा रोक दिया गया था। सुखजीत सिंह ने 48वें मिनट में अपना दूसरा गोल दागा। इसके बाद 49वें मिनट में दिलप्रीत सिंह ने मैच का अपना चौथा गोल किया और भारत की बढ़त 13-1 कर दी। अंत में बचे हुए समय में इंडोनेशिया ने सर्कल में गेंद पर कब्जा बनाए रखने की कोशिश की, लेकिन भारतीय रक्षापंक्ति ने उन्हें ज्यादा मौके नहीं दिए।

इंडोनेशिया के खिलाफ शानदार जीत के साथ भारत ने पूल ए में अपने अभियान की मजबूत शुरुआत कर दी है। अब भारतीय टीम अपने अगले मुकाबले में 22 सितंबर को श्रीलंका का सामना करेगी।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह

Share this story