एशियन चैंपियंस ट्रॉफी: बुधवार को दक्षिण कोरिया से भिड़ेगा गत चैंपियन भारत
मोहाली, 03 नवंबर (हि.स.)। भारतीय पुरुष हॉकी टीम बुधवार को हीरो एशियन चैंपियंस ट्रॉफी पंजाब 2026 के सेमीफाइनल में दक्षिण कोरिया के खिलाफ मैदान पर उतरेगी। गत चैंपियन भारत की नजरें इस मुकाबले में जीत दर्ज कर खिताब बचाने की दिशा में एक और कदम बढ़ाने पर होंगी। टूर्नामेंट का लीग चरण जालंधर में खेला गया था, जबकि अब मुकाबले मोहाली के ओलंपियन बलबीर सिंह सीनियर इंटरनेशनल हॉकी स्टेडियम में होंगे।
हॉकी इंडिया के अनुसार भारतीय टीम ने लीग चरण में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने सभी पांच मुकाबले जीते और बिना कोई मैच गंवाए सेमीफाइनल में जगह बनाई। इसमें सोमवार को जालंधर में आखिरी लीग मुकाबले में दक्षिण कोरिया पर 8-0 की जीत भी शामिल है। अब दोनों टीमें तीन दिन में दूसरी बार आमने-सामने होंगी। हालांकि, सेमीफाइनल का मुकाबला दोनों टीमों के लिए नई चुनौती होगा।
भारतीय टीम के मुख्य कोच क्रेग फुल्टन ने कोरिया के खिलाफ जीत के बाद कहा था कि नॉकआउट मुकाबले का दबाव अलग होगा और टीम को अच्छी शुरुआत करनी होगी।
लीग चरण में भारतीय टीम की सफलता में उसके सभी फॉरवर्ड खिलाड़ियों ने अहम योगदान दिया है। सुखजीत सिंह और दिलप्रीत सिंह ने अच्छी फार्म दिखाई है। दोनों ने टूर्नामेंट में अब तक चार-चार गोल किए हैं। वहीं, अभिषेक के नाम तीन गोल हैं। हालांकि, चोट के कारण वह दक्षिण कोरिया के खिलाफ पिछले मुकाबले में नहीं खेल पाए थे। भारतीय कप्तान हरमनप्रीत सिंह नौ गोल के साथ टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी हैं। टीम के एक अन्य ड्रैग फ्लिकर जुगराज सिंह ने भी तीन गोल किए हैं।
भारत 15 अंकों के साथ अंक तालिका में शीर्ष पर रहा। टीम ने लीग चरण में कुल 34 गोल किए, जबकि उसके खिलाफ केवल पांच गोल हुए। अब भारतीय टीम इसी प्रदर्शन को सेमीफाइनल में भी दोहराते हुए छठी बार एशियन चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब जीतना चाहेगी। भारत टूर्नामेंट के इतिहास की सबसे सफल टीम है, जिसने 2011, 2016, 2018 (पाकिस्तान के साथ संयुक्त विजेता), 2023 और 2024 में ट्रॉफी जीती है।---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह

