अभय सिंह और आकांक्षा सलुंखे बने राष्ट्रीय स्क्वैश चैंपियन

WhatsApp Channel Join Now


मुंबई, 22 नवंबर (हि.स.)। एशियाई खेलों के पदक विजेता अभय सिंह और आकांक्षा सलुंखे ने 82वीं राष्ट्रीय स्क्वैश चैंपियनशिप में क्रमशः पुरुष और महिला वर्ग का खिताब अपने नाम कर लिया। मुंबई के ओटर्स क्लब में रविवार को खेले गए फाइनल मुकाबलों में अभय ने वीर चोटरानी को, जबकि आकांक्षा ने तमिलनाडु की शमीना रियाज को सीधे गेमों में हराकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।

तमिलनाडु के शीर्ष वरीयता प्राप्त अभय सिंह ने पांचवीं बार लगातार राष्ट्रीय चैंपियनशिप के फाइनल में जगह बनाई और तीसरी बार सीनियर राष्ट्रीय खिताब जीता। विश्व रैंकिंग में 26वें स्थान पर काबिज तथा 2026 एशियाई खेलों में व्यक्तिगत रजत पदक जीतने वाले अभय ने दूसरे वरीय मुंबई के वीर चोटरानी को 11-6, 11-4, 11-9 से शिकस्त दी। चोटरानी पहली बार सीनियर राष्ट्रीय चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचे थे।

महिला वर्ग में क्वालीफायर के रूप में उतरीं गोवा की आकांक्षा सलुंखे ने अपने तीसरे लगातार फाइनल में पहली बार सीनियर राष्ट्रीय खिताब हासिल किया। दो बार राष्ट्रीय खेलों की चैंपियन रह चुकीं आकांक्षा ने चोट से उबरकर वापसी की और 5/8 वरीयता प्राप्त शमीना रियाज को 11-6, 11-4, 11-4 से हराया। शमीना भी पहली बार सीनियर राष्ट्रीय फाइनल खेल रही थीं। उन्होंने सेमीफाइनल में शीर्ष वरीय रथिका सीलन को पराजित कर फाइनल में जगह बनाई थी।

प्रोकोच वर्ग का खिताब अतुल कुमार यादव ने जीता। उन्होंने फाइनल में अभिषेक को 11-7, 11-7, 4-11, 11-0 से हराया।

पुरुष वर्ग के सेमीफाइनल में अभय ने राहुल बैथा को 11-2, 11-3, 11-7 से, जबकि चोटरानी ने क्वालीफायर यश फाडते को 13-11, 11-1, 3-11, 13-11 से हराया था। प्रोकोच वर्ग के सेमीफाइनल में अतुल ने अनुराग को और अभिषेक ने मैथ्यू गॉडविन को पराजित किया।

चैंपियनशिप में कुल 394 प्रविष्टियां मिलीं। प्रतियोगिता में देश के अनुभवी खिलाड़ियों के साथ युवा और उभरते खिलाड़ियों को भी अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला। लॉस एंजिलिस ओलंपिक 2028 में स्क्वैश के पहली बार शामिल होने से इस खेल को लेकर देश में बढ़ती प्रतिस्पर्धा और प्रतिभा का स्तर भी इस प्रतियोगिता में देखने को मिला।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781620 Articles

Share this story