शेर-ए-पंजाब टी-20 लीग 30 अगस्त से शुरू होगी, छह फ्रेंचाइजी टीमें लेंगी हिस्सा

WhatsApp Channel Join Now
शेर-ए-पंजाब टी-20 लीग 30 अगस्त से शुरू होगी, छह फ्रेंचाइजी टीमें लेंगी हिस्सा


शेर-ए-पंजाब टी-20 लीग 30 अगस्त से शुरू होगी, छह फ्रेंचाइजी टीमें लेंगी हिस्सा


- 9 अगस्त को 450 से अधिक खिलाड़ियों की होगी नीलामी

चंडीगढ़, 08 अगस्त (हि.स.)। पंजाब को आईपीएल की तर्ज पर अपनी टी-20 क्रिकेट लीग मिलने जा रही है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने शनिवार को ‘शेर-ए-पंजाब ट्वेंटी-20 लीग’ की शुरुआत का ऐलान किया। लीग में छह फ्रेंचाइजी टीमें हिस्सा लेंगी और पंजाब के कई स्टार क्रिकेटर इसमें खेलते नजर आएंगे।

लीग के सभी मुकाबले 30 अगस्त से 13 सितंबर तक मोहाली के पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेले जाएंगे। इसके लिए पंजाब के 450 से अधिक खिलाड़ियों का पूल तैयार किया गया है, जिनकी नीलामी 9 अगस्त को होगी।मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब ने हमेशा देश को प्रतिभाशाली खिलाड़ी दिए हैं और राज्य सरकार युवाओं को खेलों से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने खेलों को नशे के खिलाफ चल रही मुहिम का प्रमुख हथियार बताया।

मुख्यमंत्री मान ने इस लीग को पंजाब का अपना आईपीएल बताते हुए कहा कि भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान शुभमन गिल फाजिल्का फाल्कन्स का प्रतिनिधित्व करेंगे। अर्शदीप सिंह लुधियाना लायंस, अभिषेक शर्मा अमृतसर सूरमाज, प्रभसिमरन सिंह जालंधर वॉरियर्स, रमनदीप सिंह मोहाली किंग्स और गुरनूर बराड़ बठिंडा रॉयल्स के लिए खेलेंगे।

उन्होंने कहा कि देश का नाम रोशन करने वाले इन खिलाड़ियों की मौजूदगी से युवा क्रिकेटरों को सीखने का बड़ा अवसर मिलेगा।मान ने बताया कि नीलामी के लिए तैयार खिलाड़ियों के पूल में अनमोलप्रीत सिंह, मयंक मारकंडे, नमन धीर, विहान मल्होत्रा, इमानजोत सिंह चहल, अश्वनी कुमार और कृष भगत जैसे नाम शामिल हैं। लीग राउंड-रॉबिन आधार पर खेली जाएगी और प्रत्येक टीम आठ लीग मुकाबले खेलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब के 21 खिलाड़ी इस समय आईपीएल का हिस्सा हैं और यही राज्य की मजबूत क्रिकेट प्रतिभा का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि यह लीग युवा खिलाड़ियों को बड़े मंच पर खेलने और अनुभवी खिलाड़ियों के साथ ड्रेसिंग रूम साझा करने का मौका देगी। मान ने कहा कि राज्य में हर साल ‘खेडां वतन पंजाब दियां’ आयोजित की जा रही हैं और 3,100 से अधिक खेल मैदान विकसित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि पंजाब अक्टूबर-नवंबर में पहली बार हॉकी एशियन चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी भी करेगा।

इस अवसर पर पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री को लीग के लोगो वाली टी-शर्ट भेंट की। वहीं अभिषेक शर्मा, अर्शदीप सिंह, प्रभसिमरन सिंह और रमनदीप सिंह ने उन्हें क्रिकेट बैट और गेंद देकर सम्मानित किया।

हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH

Share this story