मूनी और गार्डनर के दम पर ऑस्ट्रेलिया की जीत, पहले वनडे में भारत 6 विकेट से हारा
ब्रिस्बेन, 24 फरवरी (हि.स.)। महिला वनडे विश्व कप जीतने के बाद अपना पहला एकदिवसीय मुकाबला खेल रही भारतीय टीम को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले वनडे में 6 विकेट से करारी हार का सामना करना पड़ा। एलन बॉर्डर फील्ड पर खेले गए इस मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने 70 गेंद शेष रहते लक्ष्य हासिल कर लिया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का कप्तान हरमनप्रीत कौर का फैसला भारत के लिए उल्टा साबित हुआ। अतिरिक्त उछाल का फायदा उठाते हुए मेजबान गेंदबाजों ने भारतीय शीर्ष क्रम को जल्दी झटका दिया। प्रतिका रावल खाता खोले बिना आउट हो गईं, जबकि शेफाली वर्मा और जेमिमा रोड्रिग्स भी सस्ते में पवेलियन लौट गईं।
स्मृति मंधाना ने 68 गेंदों में 58 रन की पारी खेलकर टीम को संभालने की कोशिश की और हरमनप्रीत कौर (53) के साथ 48 रन की साझेदारी की। हालांकि मंधाना के आउट होते ही भारतीय पारी लड़खड़ा गई। दीप्ति शर्मा भी ज्यादा देर नहीं टिक सकीं। ऑस्ट्रेलिया की स्पिनर एशले गार्डनर (3/33) ने अहम विकेट झटके।
कश्वी गौतम ने 43 रन की तेज पारी खेलकर स्कोर को 214 तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई, लेकिन पूरी टीम 48.4 ओवर में ऑलआउट हो गई। मेगन शुट ने दो विकेट लिए।
215 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया को कप्तान एलिसा हीली (50) और फोएबे लिचफील्ड ने 55 रन की मजबूत शुरुआत दी। भारत को सफलता स्पिनर श्री चारणी ने दिलाई, जिन्होंने लगातार दो विकेट लेकर मैच में वापसी की कोशिश की।
इसके बाद बेथ मूनी ने 76 रन की संयमित पारी खेलते हुए टीम को जीत की ओर अग्रसर किया। अंत में एनेबल सदरलैंड ने छक्का लगाकर ऑस्ट्रेलिया को 38.2 ओवर में 217/4 तक पहुंचा दिया।
दो मैचों की वनडे सीरीज अभी बाकी है। भारत अब 27 फरवरी को होबार्ट में खेले जाने वाले दूसरे वनडे में वापसी की कोशिश करेगा। मल्टी-फॉर्मेट सीरीज फिलहाल 4-4 अंकों की बराबरी पर है, जिसमें भारत ने टी20 सीरीज 2-1 से जीतकर चार अंक हासिल किए थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

