अफजल और आमिर स्नूकर चैम्पियनशिप के फाइनल में

WhatsApp Channel Join Now
अफजल और आमिर स्नूकर चैम्पियनशिप के फाइनल में


प्रयागराज, 29 जून (हि.स)। अफजल कुरैशी और आमिर रईस ने प्रयागराज क्यू स्पोर्ट्स एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित जिला स्नूकर चैम्पियनशिप के फाइनल में जगह बना ली है।

वेलकमहोटल बाय आईटीसी होटल्स प्रयागराज में चल रही चैम्पियनशिप के पहले सेमीफाइनल में अफजल कुरैशी ने ऋषि सोनी को 3-2 से हरा दिया। दोनों खिलाड़ियों ने बेहतरीन क्यू कंट्रोल, रणनीतिक समझ और मानसिक मजबूती का प्रदर्शन किया। ऋषि सोनी ने आत्मविश्वास के साथ शुरुआत करते हुए अफजल को हर शॉट पर कड़ी टक्कर दी और मैच को लगातार बराबरी पर बनाए रखा। मैच के 2-2 की बराबरी पर पहुंचने के बाद निर्णायक फ्रेम में दोनों खिलाड़ियों को मौके मिले और उन्होंने एक-दूसरे की गलतियों का फायदा उठाया, लेकिन महत्वपूर्ण क्षणों में अफजल ने कई सधे हुए पॉट्स करते हुए उन्होंने निर्णायक फ्रेम 3-2 से जीतकर फाइनल में जगह पक्की की।

दूसरे सेमीफाइनल में आमिर रईस ने हयात अहमद के खिलाफ दमदार प्रदर्शन करते हुए 3-0 से एकतरफा जीत दर्ज की। आमिर ने लगातार स्कोरिंग, सटीक सेफ्टी प्ले और बेहतरीन फिनिशिंग के साथ पूरे मैच में अपना दबदबा बनाए रखा। उनके इस सधे हुए प्रदर्शन की बदौलत उन्होंने बिना कोई फ्रेम गंवाए फाइनल में प्रवेश किया।

-प्रयागराज वेटरन बिलियर्ड्स चैम्पियनशिप में राकेश बग्गा और दिनेश अग्रवाल फाइनल में प्रयागराज क्यू स्पोर्ट्स एसोसिएशन के सचिव विनायक अग्रवाल ने बताया स्नूकर और वेटरन बिलियर्ड्स चैम्पियनशिप के फाइनल मुकाबले मंगलवार को खेले जाएंगे। समापन समारोह शाम पांच बजे होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र

Share this story