सोनिया गांधी की जीवनी से नहीं मिलती जीवन की प्रेरणा : अविमुक्तेश्वरानंद

WhatsApp Channel Join Now
सोनिया गांधी की जीवनी से नहीं मिलती जीवन की प्रेरणा : अविमुक्तेश्वरानंद


-राजनीतिक गठबंधनों पर अविमुक्तेश्वरानंद ने उठाए सवाल

हरिद्वार, 13 नवंबर (हि.स.)। स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी की जीवनी 'बिलॉन्गिंग : ए जर्नी ऑफ लव' को लेकर कहा कि उनकी जीवन कथा से उन्हें कोई विशेष प्रेरणा नहीं मिलती। उन्होंने कहा कि यह न तो रामचरितमानस है और न ही महाभारत, जिससे जीवन के लिए प्रेरणा मिल सके। वह भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण के चरित्र का अध्ययन करते हैं और उनसे लोककल्याण तथा जीवन के आदर्शों की प्रेरणा लेते हैं।

सोनिया गांधी की जीवनी को लेकर पूछे गए सवाल पर स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने कनखल स्थित आश्रम में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि उनके लिए वही इतिहास महत्वपूर्ण है, जिससे समाज और लोककल्याण की प्रेरणा मिलती हो। सोनिया गांधी की जीवन कथा में उन्हें ऐसा कुछ दिखाई नहीं देता, इसलिए इस पुस्तक को पढ़ने में उनकी कोई विशेष रुचि नहीं है।

ओवैसी-चंद्रशेखर गठबंधन पर भी उठाए सवाल

असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम और चंद्रशेखर आजाद की आजाद समाज पार्टी के गठबंधन पर भी तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने इस गठबंधन को हिंदू धर्म के लिए खतरा बताते हुए कहा कि भारतीय राजनीति धीरे-धीरे अमेरिका की दो दलीय व्यवस्था की ओर बढ़ रही है। गठबंधन के नाम पर अलग-अलग राजनीतिक दलों के एक साथ आने से तीसरे विकल्प की संभावनाएं कमजोर हो रही हैं। उन्होंने कहा कि अमेरिका में मुख्य मुकाबला दो राजनीतिक दलों के बीच होता है। भारत में भी गठबंधनों के माध्यम से इसी तरह की राजनीतिक परिस्थिति बनाने का प्रयास दिखाई दे रहा है। दलित और मुस्लिम मतदाताओं को जोड़कर बनाए जा रहे गठबंधनों पर उन्होंने आशंका जताई कि इससे हिंदू समाज और हिंदू धर्म को नुकसान पहुंच सकता है। ऐसे गठबंधन उनके लिए आदर योग्य नहीं हैं।

योगी सरकार पर गोवंश की घटती संख्या को लेकर निशाना

उत्तर प्रदेश की योगी सरकार पर निशाना साधते हुए स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार को दस साल हो चुके हैं, लेकिन इस अवधि में गायों की स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2019 से 2024 के बीच हुई गणना में करीब 70 लाख गोवंश कम होने की बात सामने आई है। इतनी बड़ी संख्या में गायों की कमी को लेकर उन्होंने सरकार पर सवाल उठाए और कहा कि इससे हिंदू समाज में सरकार के प्रति पहले जैसा विश्वास नहीं रह गया है। उन्होंने दावा किया कि इसका असर आगामी चुनाव में भी देखने को मिल सकता है।

जौलीग्रांट एयरपोर्ट का नाम आदि गुरु शंकराचार्य के नाम पर रखने की मांग

स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने उत्तराखंड के जौलीग्रांट एयरपोर्ट का नाम आदि गुरु शंकराचार्य के नाम पर रखने की अपनी मांग को लेकर भी राज्य सरकार के प्रति नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि आदि गुरु शंकराचार्य सनातन धर्म के पुनरुद्धारक और भारत की आध्यात्मिक एकता के सूत्रधार थे। उन्होंने केरल से अपनी यात्रा शुरू की और उत्तराखंड में अपना श्रीविग्रह त्यागा। उत्तराखंड से उनका विशेष आध्यात्मिक संबंध रहा है। यहां उनकी समाधि और पीठ भी स्थापित है। उन्होंने कहा कि इन्हीं ऐतिहासिक और आध्यात्मिक कारणों से वह जौलीग्रांट एयरपोर्ट का नाम आदि गुरु शंकराचार्य के नाम पर रखने की मांग कर रहे हैं, लेकिन लंबे समय से इस दिशा में कोई निर्णय नहीं हुआ। लगातार मांग के बावजूद देरी होने से अब उन्हें निराशा होने लगी है।

शीतकालीन चारधाम यात्रा को बताया सराहनीय पहल

उत्तराखंड सरकार की शीतकालीन चारधाम यात्रा को बढ़ावा देने की पहल की सराहना करते हुए स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने कहा कि प्रदेश में ग्रीष्मकालीन और शीतकालीन दोनों चारधाम यात्राएं संचालित होनी चाहिए। भगवान के दर्शन और आशीर्वाद के लिए कोई भी मौसम बाधा नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि कई श्रद्धालुओं ने शीतकालीन चारधाम यात्रा के अपने सुखद अनुभव साझा किए हैं। गर्मियों की अपेक्षा सर्दियों में श्रद्धालुओं को कई स्थानों पर भगवान के दर्शन आसानी से हो जाते हैं। उन्होंने शीतकालीन यात्रा को धार्मिक पर्यटन और श्रद्धालुओं की सुविधा की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण बताया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776417 Articles

Share this story