सोनार बांग्ला के सपने को साकार करेगी शुभेंदु सरकार : रेखा गुप्ता

WhatsApp Channel Join Now
सोनार बांग्ला के सपने को साकार करेगी शुभेंदु सरकार : रेखा गुप्ता


नई दिल्ली, 09 मई (हि.स.)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता शनिवार को पश्चिम बंगाल में नवनिर्वाचित भाजपा सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुईं। रेखा गुप्ता ने इस अवसर को ऐतिहासिक बताया और बंगाल की जनता को नमन करते हुए कहा कि शुभेंदु सरकार सोनार बांग्ला के सपने को साकार करेगी।

मुख्यमंत्री ने एक बयान में कहा कि पिछले 15 वर्षों में बंगाल की जनता ने अत्याचार, दमन और भ्रष्टाचार का दौर देखा, लेकिन अब जनता ने सोनार बांग्ला के सपने को साकार करने के लिए लोकतांत्रिक तरीके से बदलाव का फैसला किया है। आज का दिन बंगाल के लिए एक नई शुरुआत का प्रतीक है, जहां विकास और विश्वास के साथ राज्य आगे बढ़ेगा और पूरे देश के साथ कदम से कदम मिलाकर चलेगा।

रेखा गुप्ता ने कहा कि पिछली सरकार के दौरान जिस तरह भ्रष्टाचार और अत्याचार की घटनाएं सामने आती थीं, अब उस दौर का अंत हो चुका है। उन्होंने विश्वास जताया कि नई सरकार के नेतृत्व में बंगाल में सुशासन, विकास और जनकल्याण को प्राथमिकता मिलेगी। शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व में बनी सरकार ने एक सकारात्मक संदेश दिया है कि अब बंगाल का भविष्य उज्ज्वल होगा।

उन्होंने शुभेंदु अधिकारी और बंगाल की जनता को दिल्ली की ओर से हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह जीत केवल राजनीतिक आंकड़ों की जीत नहीं है, बल्कि उन 321 भाजपा कार्यकर्ताओं के बलिदान की भी जीत है, जिन्होंने बंगाल के बेहतर भविष्य और सोनार बांग्ला के सपने के लिए अपने प्राण न्योछावर किए। इन कार्यकर्ताओं ने अपना बलिदान केवल भाजपा के लिए नहीं, बल्कि बंगाल की आने वाली पीढ़ियों और लोकतंत्र की रक्षा के लिए दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बंगाल में महिलाओं, युवाओं और राजनीतिक कार्यकर्ताओं पर जिस तरह अत्याचार हुए, उसने लोकतंत्र को शर्मसार किया। जनता ने लोकतांत्रिक तरीके से इसका जवाब दिया है और अब बदलाव की नई सुबह शुरू हुई है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

Share this story