वस्त्र मंत्रालय की परामर्श बैठक में टीईईएम और 'टेक्स इको' पहल पर जोर

WhatsApp Channel Join Now
वस्त्र मंत्रालय की परामर्श बैठक में टीईईएम और 'टेक्स इको' पहल पर जोर


नई दिल्ली, 20 फरवरी (हि.स.)। वस्त्र मंत्रालय ने दिल्ली स्थित वाणिज्य भवन में केंद्रीय बजट 2026 की घोषणाओं के बाद पहली राष्ट्रीय उद्योग परामर्श बैठक का आयोजन किया जिससे कार्यान्वयन प्राथमिकताओं पर विचार-विमर्श किया जा सके।

इस परामर्श बैठक का मुख्य उद्देश्य बजट में घोषित दो प्रमुख पहलों वस्त्र विस्तार और रोजगार (टीईईएम) योजना और टेक्स इको पहल को क्रियान्वित करना रहा। इसका लक्ष्य वस्त्र और परिधान क्षेत्र में प्रतिस्पर्धात्मकता आधुनिकीकरण स्थिरता और रोजगार सृजन को मजबूत करना है। टेक्स इको पहल वस्त्र मूल्य श्रृंखला में स्थिरता संसाधन दक्षता और हरित विनिर्माण को बढ़ावा देने पर केंद्रित है।

मंत्रालय की सचिव नीलम शमी राव ने कहा कि भारतीय वस्त्र उद्योग का भविष्य उज्ज्वल है। नए मुक्त व्यापार समझौतों (एफटीए) और वस्त्र-केंद्रित बजट के तालमेल से भारतीय निर्यातकों के लिए वैश्विक बाजारों के द्वार खुल गए हैं।

मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव रोहित कंसल ने कहा कि यह बजट रोजगार सृजन विनिर्माण क्षमता बढ़ाने और वस्त्र क्षेत्र को समावेशी विकास का इंजन बनाने के सरकार के इरादे को दर्शाता है। उन्होंने इसे एक 'एकीकृत कार्यक्रम' बताया जो निवेश और नीतिगत समर्थन को एक मंच पर लाता है।

इस सत्र में उद्योग जगत के प्रतिनिधियों ने कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए। इनमें समयबद्ध अनुमोदन एमएसएमई क्षेत्र के लिए वित्तपोषण में सुधार क्लस्टर अवसंरचना लक्षित कौशल विकास डिजिटल निगरानी सहित राज्य नीतियों और निर्यात उपायों के साथ समन्वय करना शामिल है।

इस मौके पर वरिष्ठ अधिकारी उद्योगपति और वस्त्र मूल्य श्रृंखला के प्रतिनिधि शामिल थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Share this story