रेलवे ने शुरू की कर्मभूमि एक्सप्रेस में लगी आग की जांच, सुरक्षित बचाए गए यात्री दूसरी ट्रेन से रवाना

WhatsApp Channel Join Now
रेलवे ने शुरू की कर्मभूमि एक्सप्रेस में लगी आग की जांच, सुरक्षित बचाए गए यात्री दूसरी ट्रेन से रवाना


- उपायुक्त एवं एसएसपी ने राजपुरा में ट्रेन के डिब्बों में आग की घटना का लिया जायजा

चंडीगढ़, 06 नवंबर (हि.स.)। अमृतसर से न्यू जलपाईगुड़ी जा रही कर्मभूमि एक्सप्रेस के कुछ डिब्बों में राजपुरा-अंबाला-दिल्ली रेल मार्ग पर सराय बंजारा रेलवे स्टेशन के निकट आग लगने की घटना में किसी प्रकार का जानी नुकसान नहीं हुआ है। आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत फॉरेंसिक जांच करवाई जाएगी।

पंजाब सरकार के निर्देश पर पटियाला के उपायुक्त डॉ. हिमांशु अग्रवाल और एसएसपी हरमंदीप हांस ने शुक्रवार दोपहर बाद घटनास्थल पर जाकर स्थिति का जायजा लिया। उपायुक्त ने बताया कि इस घटना में किसी भी प्रकार के जानी नुकसान से बचाव रहा और जिला प्रशासन ने यात्रियों को हरसंभव सहायता उपलब्ध करवाने के लिए पूरी मुस्तैदी से काम किया। यात्रियों के स्वास्थ्य की जांच के लिए सराय बंजारा रेलवे स्टेशन पर डॉक्टरों की टीम तैनात की गई।

डॉ. हिमांशु अग्रवाल ने बताया कि गांव सराय बंजारा के निवासियों ने तत्काल तत्परता दिखाई और सिविल प्रशासन, पुलिस, अग्निशमन विभाग तथा रेलवे की टीमों के संयुक्त प्रयासों से आग पर काबू पाया गया। रेलवे ने ट्रेन में सवार सुरक्षित बचाए गए यात्रियों को उनके गंतव्य स्टेशनों के लिए दूसरी ट्रेन से रवाना कर दिया गया है। उपायुक्त ने बताया कि दोपहर करीब 1.30 बजे घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम राजपुरा रविंदर सिंह, एसपी बिक्रम बराड़, डीएसपी मनजीत सिंह सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आपातकालीन सेवाओं और अस्पतालों को अलर्ट कर दिया।

एसएसपी हरमंदीप हांस ने बताया कि राजपुरा के एसपी और डीएसपी सहित जीआरपी तथा रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की टीमें मौके पर पहुंचकर तुरंत राहत एवं बचाव कार्यों में जुट गई थीं। उन्होंने कहा कि फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।

उत्तर रेलवे के अंबाला मंडल के मंडल रेल प्रबंधक विनोद भाटिया ने रेलवे के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ घटनास्थल का दौरा करते हुए बताया कि ट्रेन में करीब 1500 यात्री सफर कर रहे थे। उन्होंने बताया कि आग लगने का पता चलते ही रेलवे के सुरक्षा तंत्र को सक्रिय कर दिया गया तथा लोको पायलट, गार्ड और अन्य कर्मचारियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आग प्रभावित डिब्बे को बाकी डिब्बों से अलग कर दिया।

विनोद भाटिया ने बताया कि आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत फॉरेंसिक जांच करवाई जाएगी। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रेलवे ट्रैक के दोनों ओर रेल यातायात रोक दिया गया था, ताकि कोई भी यात्री घबराहट में डिब्बों से बाहर न कूदे। अब आग प्रभावित डिब्बों को ट्रैक से हटाने और रेल यातायात बहाल करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

773520 Articles

Share this story