रेलवे ने एक लाख से अधिक विशेष स्वच्छता अभियान चलाए, कबाड़ बेचकर 628.49 करोड़ जुटाए

WhatsApp Channel Join Now


नई दिल्ली, 09 नवंबर (हि.स.)। भारतीय रेलवे ने विशेष अभियान-छह के तहत देशभर में एक लाख से अधिक स्वच्छता अभियान चलाए और कबाड़ के निस्तारण से 628.49 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया। यह राशि अभियान के लिए निर्धारित 600 करोड़ रुपये के लक्ष्य से अधिक है। इस दौरान 5,884 रेलवे स्टेशनों पर रेल जन संवाद कार्यक्रम आयोजित कर यात्रियों से सीधे सुझाव और प्रतिक्रिया प्राप्त की गई।

मंत्रालय ने सोमवार को बताया कि विशेष अभियान 6 का आयोजन दो से 31 अक्टूबर तक देशभर के क्षेत्रीय रेलवे, मंडलों, उत्पादन इकाइयों, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों और अन्य रेलवे प्रतिष्ठानों में किया गया। अभियान के दौरान स्वच्छता, कबाड़ निस्तारण, ई-कचरा प्रबंधन, स्थान के बेहतर उपयोग, अभिलेखों के प्रबंधन और लंबित मामलों के समयबद्ध निपटारे पर विशेष ध्यान दिया गया।

अभियान के तहत रेलवे स्टेशनों, कार्यालयों, कार्यशालाओं और अन्य प्रतिष्ठानों में एक लाख से अधिक स्वच्छता अभियान चलाए गए। कबाड़, अनुपयोगी सामग्री और बेकार वस्तुओं को हटाकर 6,20,121 वर्ग फुट जगह भी खाली कराई गई।

इस वर्ष अभियान में ई-कचरे के प्रभावी संग्रह, पृथक्करण और निस्तारण पर विशेष जोर दिया गया। इसके तहत 1.50 लाख से अधिक ई-कचरा इकाइयों का निस्तारण किया गया, जिससे 10.43 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ।

रेलवे ने पुराने भौतिक और इलेक्ट्रॉनिक अभिलेखों की समीक्षा के साथ जन शिकायतों, अपीलों, संसदीय आश्वासनों, विशिष्ट व्यक्तियों से प्राप्त संदर्भों और अन्य लंबित मामलों के निस्तारण के लिए भी अभियान चलाया।

रेल जन संवाद के तहत 22 अक्टूबर को देशभर के 5,884 रेलवे स्टेशनों पर एक साथ कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसमें वरिष्ठ रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों से सीधे बातचीत की और उनकी समस्याओं, सुझावों तथा यात्रा अनुभवों पर प्रतिक्रिया प्राप्त की।

रेलवे के अनुसार विशेष अभियान 6 के सफल समापन से स्वच्छता, संसाधनों के बेहतर उपयोग, पर्यावरण के अनुकूल कचरा प्रबंधन और प्रशासनिक कार्यकुशलता को बढ़ावा मिला है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774545 Articles

Share this story