रुद्रप्रयाग झड़प मामला: शिरोमणि अकाली दल के प्रतिनिधिमंडल ने दिल्ली में उत्तराखंड के रेजिडेंट कमिश्नर से की मुलाकात

WhatsApp Channel Join Now
रुद्रप्रयाग झड़प मामला: शिरोमणि अकाली दल के प्रतिनिधिमंडल ने दिल्ली में उत्तराखंड के रेजिडेंट कमिश्नर से की मुलाकात


नई दिल्ली, 22 जून (हि.स.)। उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग में हाल ही में निहंग सिखों और स्थानीय निवासियों के बीच हुई झड़प के मामले को लेकर शिरोमणि अकाली दल (दिल्ली यूनिट) का एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को उत्तराखंड भवन में उत्तराखंड के रेजिडेंट कमिश्नर से मुलाकात की।

दल के अध्यक्ष परमजीत सिंह सरना के नेतृत्व में इस प्रतिनिधिमंडल ने रेजिडेंट कमिश्नर को एक आधिकारिक ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने रेजिडेंट कमिश्नर को अपनी चिंताओं से अवगत कराया और मामले में संतुलित व निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की।

परमजीत सिंह सरना ने मीडिया से कहा, हमने रेजिडेंट कमिश्नर को अपना ज्ञापन सौंप दिया है। उन्होंने हमें पूरा भरोसा दिलाया है कि ज्ञापन में उठाए गए सभी बिंदुओं और मांगों पर गंभीरता से कार्रवाई की जाएगी। हमने यह भी अनुरोध किया है कि जब उत्तराखंड के मुख्यमंत्री दिल्ली दौरे पर आएं, तो उनकी इस प्रतिनिधिमंडल के साथ एक आधिकारिक बैठक कराई जाए। रेजिडेंट कमिश्नर ने इस अनुरोध को स्वीकार करते हुए मुलाकात कराने पर सहमति जताई है।”

शिरोमणि अकाली दल के नेता मनजीत सिंह जीके ने कहा कि हम जो प्रतिनिधिमंडल वहां ले गए थे, हमने उन्हें बताया कि झड़प स्थानीय निवासियों द्वारा शुरू की गई थी। यह हमारे जवानों द्वारा शुरू नहीं की गई थी। हमारे जवानों को तृतीय-श्रेणी की यातना दी गई। उन्हें बिना दस्तार के अदालत में पेश किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Share this story