राष्ट्रपति ने रक्षा अलंकरण समारोह में 105 विशिष्ट सेवा पदक प्रदान किए, सात अधिकारियों को सर्वोत्तम युद्ध सेवा पदक से सम्मानित किया

WhatsApp Channel Join Now
राष्ट्रपति ने रक्षा अलंकरण समारोह में 105 विशिष्ट सेवा पदक प्रदान किए, सात अधिकारियों को सर्वोत्तम युद्ध सेवा पदक से सम्मानित किया


नई दिल्ली, 29 जून (हि.स.)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सोमवार को राष्ट्रपति भवन में आयोजित रक्षा अलंकरण समारोह-2026 (द्वितीय चरण) में सशस्त्र बलों तथा भारतीय तटरक्षक बल (आईसीजी) के 105 अधिकारियों और कर्मियों को विशिष्ट सेवा अलंकरण प्रदान किए। इन पुरस्कारों में सात सर्वोत्तम युद्ध सेवा पदक, 30 परम विशिष्ट सेवा पदक, 12 उत्तम युद्ध सेवा पदक और 56 अति विशिष्ट सेवा शामिल हैं।

राष्ट्रपति ने इन अलंकरणों से उन सैन्य अधिकारियों और कर्मियों को सम्मानित किया, जिन्होंने राष्ट्र की सुरक्षा और रक्षा सेवाओं में असाधारण नेतृत्व, उत्कृष्ट पेशेवर क्षमता तथा विशिष्ट सेवा का परिचय दिया।

सर्वोत्तम युद्ध सेवा पदक से सम्मानित होने वालों में लेफ्टिनेंट जनरल प्रतीक शर्मा, एयर मार्शल नागेश कपूर, लेफ्टिनेंट जनरल राजीव घई, एयर मार्शल अवधेश कुमार भारती, सेवानिवृत्त वाइस एडमिरल संजय जसजीत सिंह, सेवानिवृत्त एयर मार्शल नर्मदेश्वर तिवारी तथा सेवानिवृत्त एयर मार्शल जीतेंद्र मिश्रा शामिल हैं।

परम विशिष्ट सेवा पदक 30 वरिष्ठ अधिकारियों को प्रदान किए गए। इनमें नौसेना के एडमिरल (तत्कालीन वाइस एडमिरल) कृष्णा स्वामीनाथन, लेफ्टिनेंट जनरल मंजिंदर सिंह, एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित, एयर मार्शल तेजिंदर सिंह, एयर मार्शल सीथेपल्ली श्रीनिवास सहित थलसेना, नौसेना और वायुसेना के अनेक वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं।

उत्तम युद्ध सेवा पदक 12 अधिकारियों को प्रदान किए गए। इनमें लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ, एयर मार्शल मनीष खन्ना, लेफ्टिनेंट जनरल प्रशांत श्रीवास्तव, लेफ्टिनेंट जनरल राजन शरावत, लेफ्टिनेंट जनरल अभिजीत एस. पेंढारकर, लेफ्टिनेंट जनरल गंभीर सिंह, लेफ्टिनेंट जनरल प्रसन्न किशोर मिश्रा, वाइस एडमिरल तरुण सोबती, एयर मार्शल प्रवीण केशव वोहरा, एयर कमोडोर अजय कुमार चौधरी, एयर कमोडोर प्रभात मलिक और ग्रुप कैप्टन कमरान नजीर शामिल हैं।

अति विशिष्ट सेवा पदक 56 अधिकारियों और कर्मियों को प्रदान किए गए। इनमें एयर मार्शल तरुण चौधरी, लेफ्टिनेंट जनरल नीरज वार्ष्णेय, लेफ्टिनेंट जनरल विकास रोहेला, लेफ्टिनेंट जनरल हरबिंदर सिंह वंद्रा, कई वरिष्ठ नौसेना और वायुसेना अधिकारी, भारतीय तटरक्षक बल के अतिरिक्त महानिदेशक डॉनी माइकल तथा सेना के सूबेदार एच. होकाटो सेमा भी शामिल हैं।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story