राष्ट्रपति ने दीपावली की पूर्व संध्या पर देशवासियों को दी शुभकामनाएं, पर्यावरण संरक्षण और सद्भाव का दिया संदेश

WhatsApp Channel Join Now
राष्ट्रपति ने दीपावली की पूर्व संध्या पर देशवासियों को दी शुभकामनाएं, पर्यावरण संरक्षण और सद्भाव का दिया संदेश


नई दिल्ली, 07 नवंबर (हि.स.)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने दीपावली की पूर्व संध्या पर देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए सभी के अच्छे स्वास्थ्य, सुख और समृद्धि की कामना की है। उन्होंने लोगों से पर्यावरण संरक्षण और आपसी सद्भाव बनाए रखने तथा भारतीय मूल्यों से प्रेरित युवाओं से विकसित भारत के निर्माण में उत्साहपूर्वक योगदान देने का आह्वान किया है।

राष्ट्रपति ने अपने संदेश में भारत और विदेशों में रह रहे सभी भारतीयों को दीपावली की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि दीपावली का आनंदमय उत्सव रावण पर विजय के बाद भगवान श्रीराम के अयोध्या लौटने से जुड़ा है। भगवान श्रीराम ने दीपों की सुंदर पंक्तियां देखी थीं। यही दीपावली का सांस्कृतिक और आध्यात्मिक महत्व है। यह पर्व रामराज्य के शुभारंभ का भी प्रतीक है।

मुर्मु ने कहा कि दीपावली का पर्व सद्गुणों की नकारात्मक प्रवृत्तियों पर विजय का प्रतीक है। यह दुखों के अंत और आनंदमय एवं समृद्ध जीवन की शुरुआत का भी संदेश देता है। इस अवसर पर लोग शुभारंभ और कल्याण के लिए भगवान गणेश तथा समृद्धि के लिए माता महालक्ष्मी की पूजा करते हैं और सभी के सुख की कामना करते हैं।

राष्ट्रपति ने अपने संदेश में कहा कि वह देश के प्रत्येक नागरिक के अच्छे स्वास्थ्य, सुख और समृद्धि की कामना करती हैं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि सभी लोग पर्यावरण का संरक्षण करेंगे और आपसी सद्भाव के साथ रहेंगे। उन्होंने कहा कि भारतीय मूल्यों से प्रेरित देश के देशभक्त युवा विकसित भारत के निर्माण में उत्साहपूर्वक योगदान दें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

773881 Articles

Share this story