मुखवा से रवाना हुई गंगोत्री की डोली, आज भैरव घाटी में होगा यात्री विश्राम

WhatsApp Channel Join Now
मुखवा से रवाना हुई गंगोत्री की डोली, आज भैरव घाटी में होगा यात्री विश्राम


मुखवा, 18 अप्रैल (हि.स.)। गंगोत्री के शीतकालीन प्रवास मुखवा गांव से मां गंगा की डोली शनिवार काे गंगोत्री की ओर गंगा मैय्या के जयकारे के साथ रवाना हुई। आज गंगा मैया का रात्रि प्रवास भैरव घाटी में स्थित भैरव मंदिर में होगा। पूरी रात जागरण के बाद रविवार सुबह मां गंगा की डोली गंगोत्री धाम पहुंचेगी और 12 बजकर 15 मिनट पर कपाट श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोले जाएंगे। यमुनोत्री की डोली भी रविवार की सुबह यमुनोत्री के शीतकालीन वास खरसाली गांव से धाम की ओर रवाना होगी और 12 बजकर 35 मिनट पर कपाट श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोले जाएंगे।

मुखवा गांव से गंगोत्री की चल उत्सव डोली के रवाना होने से पहले विशेष पूजा अर्चना की गई। गांव की महिलाओं ने विशेष भेंट गंगा मैया को अर्पित की। विदाई पर महिलाओं ने मंगल गीत गाए। भावुक मन से डोली को बेटी की तरह विदा किया गया। गंगोत्री मंदिर समिति के सचिव सुरेश सेमवाल ने बताया कि गंगोत्री में यात्रियों के लिए पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल

Share this story