मां  गंगा के जयकारों के बीच खुले गंगोत्री मंदिर के कपाट

WhatsApp Channel Join Now
मां  गंगा के जयकारों के बीच खुले गंगोत्री मंदिर के कपाट


देहरादून, 19 अप्रैल (हि.स.)। अक्षय तृतीया के पावन पर्व पर रविवार को मां गंगा के जयकारों के बीच गंगोत्री मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए गए। कपाटोद्घाटन के साक्षी बने सैकड़ों लोगों ने मंदिर में अखंड ज्योति के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया।

इस मौके पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाई। गंगोत्री मंदिर समिति के सचिव सुरेश सेमवाल ने बताया कि रविवार सुबह सात बजे भैरव घाटी स्थित प्राचीन भैरव मंदिर से मां गंगा की डोली यात्रा गंगोत्री धाम के लिए रवाना हुई। गंगोत्री मुख्य द्वार से मंदिर तक आर्मी के पाइप बैंड और पारंपरिक ढोल-दमाऊं एवं रणसिंघे की धुन पर झूमते श्रद्धालुओं के बीच मां गंगा की डोली यात्रा 9 बजे अपने धाम गंगोत्री पहुंची। जहां डोली का भव्य स्वागत किया गया। इस मौके पर तीर्थ पुरोहितों और यात्रा कारोबारियों ने गंगा जी की डोली पर फूलों की बरसात की। इसके बाद यहां गंगा पूजन, गंगा सहस्त्रनाम, गंगा लहरी, श्रीशुक्त आदि के पाठ के साथ ही वैदिक मंत्रोच्चार के साथ धार्मिक अनुष्ठान किया गया। जिसके बाद 12 बजकर 15 मिनट पर गंगोत्री मंदिर के कपाट देश विदेश के श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए गए। जिकसे बाद सैकड़ों श्रद्धालु मंदिर के भीतर जल रही अखंड ज्योति के साक्षी बने। मंदिर के कपाट खुलने के साथ ही गंगा जी के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगने लगा। हजारों श्रद्धालुओं ने अक्षय तृतीया पर गंगा में डुबकी लगाने के साथ ही गंगोत्री धाम में दान कर पुण्य लाभ अर्जित किया।

इस मौके पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान, पूर्व विधायक विजयपाल सजवान, डीएम प्रशांत आर्य, एसपी कमलेश उपाध्याय, गंगोत्री मंदिर समिति के अध्यक्ष धर्मानंद सेमवाल, सचिव सुरेश सेमवाल, ब्लाक प्रमुख ममता पंवार, किशोर भट्ट, अरूण कुमार, राजेश सेमवाल, समेत करीब दो हजार श्रद्धालु मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल

Share this story