बीजापुर नक्सली डंप से मिले ड्रोन एवं वायरलेस, सुरक्षा बलों पर नजर रखते थे नक्सली

WhatsApp Channel Join Now
बीजापुर नक्सली डंप से मिले ड्रोन एवं वायरलेस, सुरक्षा बलों पर नजर रखते थे नक्सली


बीजापुर, 25 नवंबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में बुधवार काे थाना पामेड़ के कोरागुट्टा एवं आवापल्ली थाना क्षेत्र के पेद्दापुन्नुर जंगल में सुरक्षा बलों को दो अलग-अलग स्थानों पर नक्सली डम्प मिले हैं। इस नक्सली डंम से ड्रोन, वायरलेस सेट और इलेक्ट्रानिक उपकरण बड़ी मात्रा में हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद की गई है।

हिंसा का दौर थमने के बाद नक्सलियों के पुराने ठिकानों से मिल रहे उपकरण उनके तकनीकी तंत्र की परतें खोल रहे हैं। यह बरामदगी बताती है कि जंगलों में नक्सली संगठन सुरक्षाबलों से लड़ाई में केवल हथियारों का इस्तेमाल नहीं कर रहे थे बल्कि संचार और निगरानी के लिए आधुनिक तकनीक का भी इस्तेमाल करते थे।

बरामद नक्सली डंप से ड्रोन में लगे कैमरे से ऊंचाई से जंगल, रास्तों और आसपास की गतिविधियों पर नजर रखी जा सकती है। यानी दुर्गम इलाकों में किसी स्थान की निगरानी के लिए जमीन पर मौजूद रहने की जरूरत नहीं पड़ती। नक्सली ठिकाने से लैपटाप, एंटीना, बैटरियां, पीसीबी बाक्स और सोल्डरिंग उपकरण भी मिले हैं। इनका इस्तेमाल इलेक्ट्रानिक सर्किट और संचार उपकरणों के निर्माण व मरम्मत में किया जा सकता है।

सुरक्षाबलों को थाना पामेड़ के कोरागुट्टा नक्सली डंप से 14 वीएचएफ (वेरी हाई फ्रीक्वेंसी) और एक यूएचएफ (अल्ट्रा हाई फ्रीक्वेंसी) वायरलेस सेट के साथ डीजेआइ माविक-2 एंटरप्राइज ड्रोन एवं लैपटॉप मिला है। वीएचएफ और यूएचएफ सेट रेडियो तरंगों के जरिए काम करते हैं। इनके माध्यम से मोबाइल नेटवर्क से दूर जंगलों में मौजूद अलग-अलग दल आपस में संपर्क कर सकते हैं। वहीं, आवापल्ली क्षेत्र के पेद्दापुन्नुर जंगल में मिले दूसरे नक्सली डंप से दो भरमार बंदूकें, एके-47, एसएलआर, इंसास के जिंदा कारतूस और टिफिन बम बरामद हुए हैं।

बस्तर आइजी बद्रीनारायण मीणा ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि ड्रोन और वायरलेस सेट नक्सलियों के संचार तंत्र का हिस्सा थे। सुरक्षाबलों की निगरानी और हमलों के दौरान इनका इस्तेमाल किया जाता था। नक्सली हिंसा से मुक्त क्षेत्रों में डिमाइनिंग अभियान के दौरान लगातार हथियार, विस्फोटक और तकनीकी उपकरण बरामद हो रहे हैं। उन्हाेने अपील करते हुए कहा कि ऐसे किसी भी नक्सली डम्प की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782777 Articles

Share this story