बिना डॉक्टर की सलाह एंटीबायोटिक लेने से बचें: स्वास्थ्य सचिव

WhatsApp Channel Join Now
बिना डॉक्टर की सलाह एंटीबायोटिक लेने से बचें: स्वास्थ्य सचिव


नई दिल्ली, 18 नवंबर (हि.स.)। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने बुधवार को नई दिल्ली के कर्तव्य भवन में विश्व एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस (एएमआर) जागरूकता सप्ताह 2026 के राष्ट्रीय कार्यक्रम का शुभारंभ किया। 18 से 24 नवंबर तक चलने वाले इस सप्ताह के माध्यम से एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस के बढ़ते खतरे के प्रति लोगों को जागरूक करने और इससे निपटने के लिए सामूहिक प्रयासों को बढ़ावा देने पर जोर दिया जा रहा है।

कार्यक्रम को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव पुण्य सलिला श्रीवास्तव ने कहा कि एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस आज सार्वजनिक स्वास्थ्य के सामने मौजूद सबसे गंभीर चुनौतियों में से एक है। दवाओं के गलत और जरूरत से ज्यादा इस्तेमाल के कारण जीवन बचाने वाली दवाओं का प्रभाव धीरे-धीरे कम हो रहा है। यदि इस पर समय रहते नियंत्रण नहीं किया गया तो सामान्य संक्रमणों का इलाज भी मुश्किल हो सकता है और चिकित्सा क्षेत्र में दशकों की प्रगति प्रभावित हो सकती है।

इस वर्ष की थीम ‘वन हेल्थ, वन एक्शन: प्रिवेंट एएमआर नाउ’ का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि एएमआर से निपटने के लिए मानव स्वास्थ्य, पशु स्वास्थ्य, पौधों, खाद्य प्रणालियों और पर्यावरण को एक साथ ध्यान में रखना होगा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वन हेल्थ विजन का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि विभिन्न क्षेत्रों में एंटीमाइक्रोबियल दवाओं के अनुचित इस्तेमाल से दवाओं के प्रति प्रतिरोधक क्षमता विकसित होती है और यह समस्या तेजी से फैल सकती है। इसलिए सभी संबंधित क्षेत्रों के बीच समन्वय जरूरी है।

स्वास्थ्य सचिव ने बताया कि केंद्र सरकार ने एएमआर पर नियंत्रण को प्राथमिकता दी है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने नवंबर 2025 में राष्ट्रीय एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस कार्ययोजना 2.0 (2025-2029) की शुरुआत की थी। इस कार्ययोजना में निगरानी व्यवस्था मजबूत करने, संक्रमण की रोकथाम, एंटीमाइक्रोबियल दवाओं के जिम्मेदार इस्तेमाल, शोध और विभिन्न क्षेत्रों के बीच समन्वय पर विशेष ध्यान दिया गया है।

उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के राष्ट्रीय एएमआर नियंत्रण कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीय रोग नियंत्रण केंद्र (एनसीडीसी) के समन्वय से किया जा रहा है। इसके तहत एएमआर की निगरानी के लिए प्रयोगशालाओं की क्षमता बढ़ाने, अस्पतालों में संक्रमण की रोकथाम और नियंत्रण, दवाओं के उचित इस्तेमाल तथा जन-जागरूकता पर काम किया जा रहा है।

कार्यक्रम में शामिल विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने इस बात पर चिंता जताई कि भारत में एंटीमाइक्रोबियल दवाओं की आधे से अधिक बिक्री बिना डॉक्टर के पर्चे के होती है। वहीं, बाह्य रोगी विभागों (ओपीडी) में लिखी जाने वाली करीब आधी एंटीबायोटिक दवाओं के प्रिस्क्रिप्शन अनुचित पाए जाते हैं। इस स्थिति को बदलने के लिए देशभर में जागरूकता अभियान चलाने और बिना वैध पर्चे के एंटीबायोटिक दवाओं की बिक्री रोकने पर जोर दिया गया।

इसके अलावा दवाओं और एक्सपायरी एंटीबायोटिक का सुरक्षित निस्तारण, मेडिकल दुकानों पर बिना पर्चे एंटीमाइक्रोबियल दवाएं नहीं बेचने संबंधी कानूनी चेतावनी प्रदर्शित करने, घटिया और नकली दवाओं के उत्पादन पर रोक लगाने तथा पशु चिकित्सा में एंटीबायोटिक के उचित इस्तेमाल को बढ़ावा देने जैसे उपायों पर भी चर्चा हुई। खाद्य उत्पादन से जुड़े पशुओं में एंटीबायोटिक के इस्तेमाल को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत बताई गई।

कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्रणाली संसाधन केंद्र (एनएचएसआरसी), केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन (सीडीएससीओ), पशुपालन विभाग, इंडियन मेडिकल एसोसिएशन और ऑल इंडिया एसोसिएशन ऑफ ड्रगिस्ट्स एंड केमिस्ट्स के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के अधिकारियों ने भी वर्चुअल माध्यम से भाग लिया।

पुण्य सलिला श्रीवास्तव ने राज्यों, केंद्रशासित प्रदेशों, स्वास्थ्य संस्थानों, शिक्षण संस्थानों और सामाजिक संगठनों से एएमआर के प्रति जागरूकता का संदेश समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने का आह्वान किया।

क्या है विश्व एएमआर जागरूकता सप्ताह

विश्व एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस जागरूकता सप्ताह हर साल 18 से 24 नवंबर तक मनाया जाता है। इसका उद्देश्य एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस के प्रति जागरूकता बढ़ाना और आम लोगों, स्वास्थ्य विशेषज्ञों, नीति निर्माताओं तथा वन हेल्थ से जुड़े सभी पक्षों को इसके प्रसार को रोकने के लिए जिम्मेदार व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित करना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779350 Articles

Share this story