बर्नपुर के संगम मैरिज हॉल में धर्मांतरण के आरोप, दो हिरासत में

WhatsApp Channel Join Now
बर्नपुर के संगम मैरिज हॉल में धर्मांतरण के आरोप, दो हिरासत में


पश्चिम बर्दवान, 07 जून (हि.स.)। बर्नपुर स्टेशन रोड स्थित संगम मैरिज हॉल में कथित धर्मांतरण के आरोप को लेकर रविवार को जमकर हंगामा हुआ। विश्व हिंदू परिषद और भाजपा कार्यकर्ताओं ने मैरिज हॉल का घेराव कर आरोप लगाया कि यहां आर्थिक रूप से कमजोर, पिछड़े वर्ग तथा जनजातीय समुदाय के लोगों को विभिन्न प्रलोभन देकर ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा था। सूचना मिलने पर हीरापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए जांच शुरू कर दी।

विश्व हिंदू परिषद के नेताओं का आरोप है कि पिछले कुछ समय से संगम मैरिज हॉल में स्थानीय गरीब और पिछड़े वर्ग के लोगों को एकत्र कर उन्हें धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित किया जा रहा था। रविवार को भी इसी तरह की गतिविधि की सूचना पाकर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता वहां पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

मौके पर भाजपा नेता पवन कुमार सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष बाप्पा चटर्जी, बृजेश वर्मा, अनमोल सिंह, मंडल अध्यक्ष रामानंद शाह, उमेश प्रसाद सहित भाजपा और विश्व हिंदू परिषद के कई कार्यकर्ता मौजूद थे। नेताओं ने आरोप लगाया कि आर्थिक सहायता और अन्य सुविधाओं का लालच देकर लोगों को धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित किया जा रहा था।

वहीं, आयोजन से जुड़े सायन सेनगुप्ता और उनकी पत्नी ने सभी आरोप को खारिज कर दिया। उनका कहना था कि वे केवल यीशु मसीह के संदेश और उपदेश लोगों तक पहुंचाने का कार्य कर रहे थे तथा किसी प्रकार का धर्मांतरण नहीं कराया जा रहा था।

पुलिस ने दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद सायन सेनगुप्ता और उनकी पत्नी को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया तथा संगम मैरिज हॉल को अस्थायी रूप से बंद करा दिया। इसके बाद पुलिस ने पूरे परिसर की जांच की।

घटना के दौरान मैरिज हॉल में ठहरे कुछ श्रमिक और ठेका कर्मी भी अंदर फंस गए थे। बताया गया कि सेल आईएसपी से जुड़े कुछ ठेका कर्मी वहां किराये पर रह रहे थे। बाद में आईएसपी अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद पुलिस ने उन्हें सुरक्षित बाहर निकालकर अन्य स्थानों पर भेज दिया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, मामले की जांच जारी है और धर्मांतरण के आरोपों सहित सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

Share this story